Related Articles
मध्य प्रदेश के सीधी शहर में कलेक्ट्रेट के सामने अंबेडकर चौक पर एक युवक ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर रंग पोत दिया। यह घटना देर रात हुई, लेकिन अगले दिन आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सतेंद्र विद्रोही और अन्य पदाधिकारी जब माल्यार्पण के लिए पहुंचे तो उन्हें प्रतिमा पर रंग लगा दिखाई दिया। इससे पार्टी के नेताओं में आक्रोश फैल गया और उन्होंने प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और प्रतिमा को साफ करवाया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त हुआ।
सीसीटीवी से आरोपी की पहचान
पुलिस ने घटना को गंभीरता से लिया और कठौली के रमेश साकेत की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अंबेडकर चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से आरोपी की पहचान की गई और रात में ही उसे हिरासत में ले लिया गया।
आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त
नगर निरीक्षक पुष्पेंद्र मिश्रा के अनुसार, आरोपी का नाम रावेंद्र सिंह चौहान है जो नौढिया का रहने वाला है। पुलिस का कहना है कि वह मानसिक रूप से विक्षिप्त है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने किसी का अनादर करने के इरादे से नहीं, बल्कि सम्मानपूर्वक बाबा साहेब के माथे पर रंग का टीका लगाया था।
पुलिस ने इस मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
CHANNEL009 Connects India
