Related Articles
श्रीगंगानगर। भारत रत्न और संविधान निर्माता डॉ. बी.आर. आंबेडकर की 134वीं जयंती सोमवार को जिलेभर में धूमधाम से मनाई गई। गोल बाजार स्थित आंबेडकर सर्किल पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां डॉ. आंबेडकर सर्व समाज एकता मंच द्वारा एक भव्य समारोह हुआ। इसमें सभी समुदायों के लोगों ने भाग लिया और समानता और सामाजिक न्याय के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
संविधान, शिक्षा और संघर्ष का संदेश
कार्यक्रम में एससी-एसटी, ओबीसी आरक्षण मंच और दलित एक्शन कमेटी की ओर से आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि माटी कला बोर्ड अध्यक्ष प्रहलाद टाक ने कहा, “संविधान चाहे कितना भी अच्छा हो, उसे लागू करने वाले अच्छे होने चाहिए।” उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर दिया और युवाओं को IAS-IPS बनने के लिए प्रेरित किया।
सांसद कुलदीप इंदौरा ने कहा कि “बाबा साहेब के बनाए संविधान की वजह से ही आज समाज के वंचित वर्ग को भी आगे बढ़ने का मौका मिल रहा है।”
विधायक जयदीप बिहाणी और डूंगरराम गेदर ने बाबा साहेब के संघर्षों और समाज के सभी वर्गों के लिए उनके योगदान को याद किया।
मेडिकल कॉलेज का नाम आंबेडकर पर रखने की मांग
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सेवानिवृत्त आईएएस महावीर प्रसाद वर्मा ने डॉ. आंबेडकर के संघर्षों पर विस्तार से बात की और श्रीगंगानगर मेडिकल कॉलेज का नाम उनके नाम पर रखने की मांग की।
कई सामाजिक नेताओं जैसे मनिंदर सिंह मान, संदीप चांडक, सुमन जयपाल, तरसेम गुप्ता और अन्य ने शिक्षा, संगठन और संघर्ष के सिद्धांतों को अपनाने की बात कही। साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट काम करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया। मंच का संचालन कालूराम मेघवाल और बंटी वाल्मीकि ने किया।
बच्चों को शिक्षित करने का लिया संकल्प
मेघवाल धर्मशाला में आयोजित समारोह में सांसद कुलदीप इंदौरा मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में किशोरी मेघवाल की अध्यक्षता में अनेक गणमान्य लोगों जैसे राजकुमार गौड़, श्याम धारीवाल, शंकर मेघवाल, वीना इंदौरा, लाल सिंह मट्टू आदि ने शिरकत की।
सभी ने बाबा साहेब के दिखाए रास्ते पर चलने और बच्चों को शिक्षित करने का संकल्प लिया।
इस मौके पर अतिथियों को आंबेडकर की तस्वीर और जीवन पर आधारित पुस्तक भेंट की गई।
मजहबी सिख वेलफेयर सोसायटी ने राहगीरों के लिए मीठे पानी की छबील भी लगाई।
CHANNEL009 Connects India
