कीव/मॉस्को – रूस और यूक्रेन के बीच तीस घंटे के ईस्टर युद्धविराम के दौरान भी हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही। यूक्रेन के खेरसान क्षेत्र में रूसी हमलों से तीन नागरिकों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। खेरसान के गवर्नर ओलेक्जेंटर प्रोकुडि ने इस बात की पुष्टि की है।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा घोषित युद्धविराम शनिवार रात से रविवार रात तक लागू रहा। इसे ईस्टर के पवित्र मौके पर ‘मानवीय पहल’ बताया गया। हालांकि, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर संघर्षविराम तोड़ने के हजारों आरोप लगाए।
यूक्रेन का आरोप: रूस ने 2,900 से अधिक बार तोड़ा युद्धविराम
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोमवार को कहा, “रूस ने युद्धविराम के दौरान 2,900 से अधिक बार हमले किए।” उन्होंने बताया कि अग्रिम मोर्चों पर 96 बार गोलाबारी, 1,800 से अधिक बार फायरिंग और सैकड़ों ड्रोन हमले किए गए।
उन्होंने आगे कहा, “हम जवाब देंगे, लेकिन शांतिपूर्ण ढंग से। युद्धविराम का सम्मान किया जाना चाहिए, नहीं तो इसका कोई मतलब नहीं है।”
रूस का पलटवार: यूक्रेन ने तोड़े 4,900 युद्धविराम
रूसी रक्षा मंत्रालय ने यूक्रेन पर 4,900 बार युद्धविराम तोड़ने का आरोप लगाया है, जिसमें 6 बड़े हमले, 1400 से अधिक बार गोलाबारी और 3,300 से ज्यादा ड्रोन हमले शामिल हैं। मंत्रालय ने यह भी कहा कि रूस की सेना युद्धविराम के दौरान अपने कब्जे वाले क्षेत्रों में ही तैनात रही।
ड्रोन हमलों से मची तबाही
यूक्रेनी वायुसेना के अनुसार, रविवार रात से सोमवार सुबह तक रूसी सेना ने खेरसान और मायकोलाइव क्षेत्रों पर तीन मिसाइलें दागीं और 96 ‘शहीद’ (Shahed) ड्रोन छोड़े। इनमें से 42 ड्रोन मार गिराए गए और 47 उड़ान में ही निष्क्रिय कर दिए गए।
ड्रोन हमलों में निप्रोपेत्रोव्स्क और चेरकासी क्षेत्रों में संपत्तियों को नुकसान हुआ, हालांकि किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
युद्धविराम के बाद फिर शुरू हुआ सैन्य अभियान
रूसी मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि युद्धविराम समाप्त होने के बाद विशेष सैन्य अभियान को फिर से शुरू कर दिया गया है। दोनों देशों में युद्ध की आग एक बार फिर तेज़ हो गई है, और शांति की कोशिशें फिलहाल नाकाम होती दिख रही हैं।
CHANNEL009 Connects India

