अबू धाबी – अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि वह जल्द ही रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से सीधी बातचीत करेंगे। ट्रंप ने इशारा किया कि इस्तांबुल में प्रस्तावित शांति वार्ता में पुतिन की गैर-हाजिरी के पीछे एक अहम वजह उनकी (ट्रंप की) अनुपस्थिति थी।
पश्चिम एशिया के दौरे पर अबू धाबी पहुंचे ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “मुझे लगता है अब वह समय आ गया है जब पुतिन और मैं आमने-सामने बैठकर इस मुद्दे का हल निकालें।” उन्होंने जोड़ा, “पुतिन इस्तांबुल नहीं गए, क्योंकि मैं वहां नहीं था।”
जल्द हो सकती है ट्रंप-पुतिन मुलाकात
ट्रंप ने कहा कि वे पुतिन के साथ वार्ता के लिए तैयार हैं और जैसे ही समय तय होगा, बैठक आयोजित की जाएगी। व्यक्तिगत जीवन की चर्चा करते हुए ट्रंप ने यह भी बताया कि उनकी बेटी टिफ़नी हाल ही में मां बनी हैं, और वे अपने नाती से मिलने को लेकर उत्साहित हैं।
जेलेंस्की की सहमति, रूस की अनिच्छा
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अमेरिका की मध्यस्थता में शांति वार्ता पर सहमति जताई है और 30-दिवसीय युद्धविराम योजना को मंजूरी भी दी है। हालांकि, रूस ने इस योजना को खारिज कर दिया है और यूक्रेनी ठिकानों पर हमले जारी रखे हैं। पुतिन ने जेलेंस्की से प्रत्यक्ष वार्ता की संभावना को भी नकार दिया है।
इस्तांबुल वार्ता से उम्मीदें कम
तीन वर्षों में पहली बार रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल इस्तांबुल में सीधी शांति वार्ता के लिए मिलने जा रहे हैं। हालांकि, जानकारों का मानना है कि इस मुलाकात से युद्ध के अंत की ओर कोई ठोस परिणाम निकलना मुश्किल है।
ट्रंप का साफ संदेश
ट्रंप ने जोर देते हुए कहा, “जब तक मैं और पुतिन एक टेबल पर नहीं बैठते, तब तक कोई ठोस हल निकलना मुश्किल है – चाहे यह बात किसी को पसंद आए या नहीं। लेकिन हमें इसे सुलझाना ही होगा, क्योंकि इस युद्ध में हजारों निर्दोष लोग मारे जा रहे हैं।”
CHANNEL009 Connects India
