नई दिल्ली/बीजिंग: भारत के सफल “ऑपरेशन सिंदूर” के बाद जहां पाकिस्तान की सैन्य क्षमताएं सवालों के घेरे में आ गई हैं, वहीं चीन अब बचाव की मुद्रा में नजर आ रहा है। चीन ने स्पष्ट किया है कि उसने पाकिस्तान को कोई सैन्य समर्थन नहीं दिया है, और वह भारत-पाकिस्तान दोनों के साथ संबंधों को महत्व देता है।
भारत के हमले में बेअसर साबित हुए चीनी हथियार
7 से 10 मई के बीच भारत ने ड्रोन, मिसाइल और बमों की मदद से पाकिस्तान के अंदर कई रणनीतिक ठिकानों को सफलतापूर्वक निशाना बनाया। इस कार्रवाई में चीन निर्मित एयर डिफेंस सिस्टम और रडार तकनीक पूरी तरह फेल हो गई। लाहौर और पंजाब (पाकिस्तान) में स्थित एयर डिफेंस रडार और वाईएलसी-8ई जैसे उन्नत चीनी सिस्टम भारतीय मिसाइल हमलों का मुकाबला नहीं कर सके।
भारतीय अधिकारियों ने बताया कि चीन द्वारा पाकिस्तान को दिए गए ड्रोन और एआर-1 लेजर गाइडेड मिसाइलें भारत की रक्षा प्रणाली द्वारा हवा में ही नष्ट कर दी गईं। पाकिस्तान का एचक्यू-9 एयर डिफेंस सिस्टम भी भारतीय हैकिंग प्रयासों के आगे बेबस रहा।
चीन का बयान: “हम निष्पक्ष हैं”
इन घटनाओं के बाद चीनी विदेश मंत्रालय ने सफाई देते हुए कहा कि चीन, भारत और पाकिस्तान दोनों को महत्वपूर्ण पड़ोसी मानता है और क्षेत्रीय शांति बनाए रखने का पक्षधर है। मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने कहा, “हम दोनों देशों से संयम बरतने की अपील करते हैं और संघर्ष को बढ़ने से रोकना चाहते हैं।”
चीन ने यह भी जोड़ा कि वह सीजफायर और कूटनीतिक समाधान का समर्थन करता है। यह बयान ऐसे समय में आया है जब चीन पर पाकिस्तान को सैटेलाइट, हथियार और इंटेलिजेंस सपोर्ट देने के आरोप लग रहे हैं।
तुर्किए के बहिष्कार से चीन की चिंता
भारत में इस समय पाकिस्तान समर्थक देशों का बायकॉट अभियान तेज़ हो गया है। तुर्किए से आयात होने वाले उत्पादों—जैसे सेब, मार्बल और फर्नीचर—का विरोध बढ़ गया है। ट्रैवल बुकिंग्स में भी भारी गिरावट देखी गई है। तुर्किए की भारत में काम कर रही कंपनियों को आर्थिक झटका लगा है। यही वजह है कि चीन अब फूंक-फूंक कर कदम रख रहा है, ताकि उसका व्यापारिक हित प्रभावित न हो।
चीन में भी उठे सवाल
चीनी सोशल मीडिया पर भी इस विषय पर बहस छिड़ी हुई है। कई चीनी विश्लेषकों ने पाकिस्तान की कमजोर सैन्य रणनीति और ऑपरेशनल तैयारी को इन असफलताओं के लिए जिम्मेदार ठहराया है। भारत ने होशियारपुर में एक चीनी पीएल-15 मिसाइल का अवशेष भी बरामद किया है, जो इस पूरे घटनाक्रम में चीन की भूमिका पर सवाल खड़े करता है।
CHANNEL009 Connects India
