आने वाले वर्षों में एक बेहद दुर्लभ और रोमांचक खगोलीय घटना घट सकती है। वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि 2032 में एक बड़ा एस्टेरॉयड ‘2024 YR4’ चंद्रमा से टकरा सकता है। यदि ऐसा होता है, तो यह टक्कर न केवल वैज्ञानिक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण होगी, बल्कि खगोल प्रेमियों के लिए भी एक ऐतिहासिक पल बन सकती है।
क्या है ‘2024 YR4’ एस्टेरॉयड?
2024 YR4 एक 53 से 67 मीटर व्यास वाला क्षुद्रग्रह है, जिसकी तुलना 1908 में रूस के तुंगुस्का क्षेत्र में हुए धमाके से की जा रही है। उस समय, एक इसी आकार के एस्टेरॉयड ने पूरा जंगल तहस-नहस कर दिया था। वैज्ञानिक मानते हैं कि अगर 2024 YR4 धरती से टकराता, तो यह किसी एक पूरे शहर को मिटा सकता था।
अब टारगेट है चंद्रमा
हाल की गणनाओं से पता चला है कि यह एस्टेरॉयड अब पृथ्वी की बजाय चंद्रमा की दिशा में बढ़ रहा है। फरवरी 2025 में जहां इसके चांद से टकराने की संभावना 3.8% थी, वहीं जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप (JWST) से मिली ताजा जानकारी के अनुसार यह संभावना बढ़कर 4.3% हो गई है।
टक्कर के संभावित प्रभाव
यदि टक्कर होती है, तो:
-
चंद्रमा की सतह पर एक नया, बड़ा गड्ढा बनेगा।
-
वैज्ञानिकों को ब्रह्मांडीय टकरावों की स्पीड, एनर्जी डिस्ट्रिब्यूशन और मून सरफेस के रिएक्शन का अध्ययन करने का अनोखा मौका मिलेगा।
-
यह घटना सीधे दूरबीनों और लाइव स्ट्रीमिंग के ज़रिए देखी जा सकेगी।
वैज्ञानिक नेतृत्व और निष्कर्ष
इस अध्ययन की अगुवाई कर रहे हैं जॉन्स हॉपकिन्स एप्लाइड फिजिक्स लेबोरेटरी के प्रमुख वैज्ञानिक एंडी रिवकिन। उनका कहना है:
“अगर टक्कर होती है, तो यह चंद्रमा को कोई स्थायी नुकसान नहीं पहुंचाएगी और न ही उसकी कक्षा में कोई परिवर्तन आएगा।”
2032 से पहले क्या होगा?
फिलहाल यह एस्टेरॉयड पृथ्वी से काफी दूरी पर है, जिससे उसकी कक्षा का सही-सही निर्धारण मुश्किल हो रहा है। लेकिन वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि 2028 में जब यह एस्टेरॉयड पृथ्वी के करीब से गुजरेगा, तब इसके मार्ग की सटीकता और टक्कर की संभावना पर बेहतर आकलन किया जा सकेगा।
CHANNEL009 Connects India
