आईसीसी अवार्ड्स: जुलाई महीने के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने “प्लेयर ऑफ द मंथ” के नामांकन घोषित कर दिए हैं। इस बार भारत के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल, इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स और साउथ अफ्रीका के ऑलराउंडर वियान मुल्डर के बीच कड़ी टक्कर है।
शुभमन गिल ने टेस्ट कप्तान बनते ही जबरदस्त बल्लेबाजी की। इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में उन्होंने खूब रन बनाए। खासकर जुलाई महीने में गिल ने तीन टेस्ट मैचों में कुल 567 रन बनाए, जिसमें उनका औसत 94.50 रहा।
एजबेस्टन टेस्ट में गिल ने पहली पारी में 269 रन और दूसरी पारी में 161 रन बनाकर सबको चौंका दिया। सिर्फ ग्राहम गूच ही हैं जिन्होंने एक टेस्ट में उनसे ज्यादा (456 रन) बनाए हैं। इसके बाद उन्होंने ओल्ड ट्रैफर्ड टेस्ट में भी शतक लगाया और 103 रन बनाए।
दक्षिण अफ्रीका के वियान मुल्डर ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में बेहतरीन बल्लेबाजी की। दूसरे टेस्ट में उन्होंने 367 रन बनाए, जो किसी साउथ अफ्रीकी कप्तान द्वारा सबसे बड़ी पारी थी। हालांकि वे ब्रायन लारा का 400 रन वाला रिकॉर्ड तोड़ सकते थे, लेकिन उन्होंने खुद अपनी पारी घोषित कर दी। पूरी सीरीज में उन्होंने कुल 531 रन बनाए और उनका औसत रहा 265.50।
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने भी भारत के खिलाफ सीरीज में अच्छी बल्लेबाजी और गेंदबाजी की। जुलाई में उन्होंने 251 रन बनाए (औसत 50.20) और साथ में 12 विकेट भी लिए (औसत 26.33)। स्टोक्स को जुलाई में खेले गए दो टेस्ट मैचों में प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला।
अब देखना ये है कि जुलाई के प्लेयर ऑफ द मंथ का अवॉर्ड किसके नाम होता है – गिल, स्टोक्स या मुल्डर?
CHANNEL009 Connects India
