Breaking News

आखिरी गेंद पर छक्का, आयरलैंड ने पाकिस्तान को हराया

पाकिस्तान और आयरलैंड की महिला टीमों के बीच खेले गए दूसरे टी20 मैच में रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 168 रन बनाए।

पाकिस्तान की ओपनर शवाल जुल्फिकार ने शानदार शुरुआत की और 27 गेंदों में 33 रन बनाए, जिसमें 6 चौके शामिल थे। उनके साथ विकेटकीपर बल्लेबाज मुनीबा अली ने 27 रन जोड़े। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 48 गेंदों में 62 रन की अहम साझेदारी की। हालांकि, दोनों ओपनर के जल्दी आउट होने से टीम की रनगति थोड़ी धीमी हो गई।

कप्तान फातिमा सना ने 16 गेंदों में 1 चौका और 1 छक्के की मदद से 23 रन बनाए। वहीं एयमान फातिमा ने भी 16 गेंदों में 23 रन बनाकर टीम को मजबूती दी। आयरलैंड की तरफ से कारा मुरे और लारा मैकब्राइड ने दो-दो विकेट हासिल किए।

आयरलैंड के सामने 169 रनों का लक्ष्य था। टीम की शुरुआत थोड़ी कमजोर रही, जब ओपनर एमी हंटर केवल 6 रन बनाकर आउट हो गईं। कप्तान गेबी लेविस ने 21 रन बनाए, लेकिन असली चमक दिखाई ओरला प्रेंडरगैस्ट ने। उन्होंने 34 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से 51 रन की दमदार पारी खेली।

उनके साथ लौरा डेलानी ने भी 34 गेंदों में 42 रन बनाए और पारी को संभाला। अंत में, रेबेका स्टोकेल ने सिर्फ 16 गेंदों में 34 रन ठोकते हुए टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया। मैच का सबसे रोमांचक पल आया आखिरी गेंद पर। आयरलैंड को जीत के लिए 4 रन चाहिए थे और स्ट्राइक पर थीं जेन मैग्वायर। खास बात ये थी कि जेन बल्लेबाज नहीं, बल्कि गेंदबाज मानी जाती हैं, और इससे पहले अपने 26 टी20 इंटरनेशनल मैचों में उन्होंने कुल मिलाकर सिर्फ 13 रन ही बनाए थे। लेकिन इस बार उन्होंने पाकिस्तान की गेंदबाज सादिया इकबाल की आखिरी गेंद पर लंबा छक्का जड़कर इतिहास रच दिया और आयरलैंड को जीत दिला दी।

पाकिस्तान की ओर से रमीन शमीम सबसे सफल गेंदबाज रहीं, जिन्होंने 3 विकेट झटके। फातिमा सना और सादिया इकबाल को 1-1 विकेट मिला।

जेन मैग्वायर महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट इतिहास की पहली खिलाड़ी बन गई हैं, जिन्होंने लक्ष्य का पीछा करते हुए आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर मैच जिताया हो। इस जीत के साथ आयरलैंड ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। पहले मैच में भी आयरलैंड ने पाकिस्तान को 11 रनों से हराया था।

About Hussain

Check Also

निशांत कुमार के काफिले में दिखीं 13 गाड़ियां, बिहार के स्वास्थ्य मंत्री ने वाहन कम करने से किया इनकार!

बिहार में मंत्री के काफिले पर सियासत तेज, निशांत कुमार के काफिले में दिखीं 13 …

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Channel 009
help Chat?