भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज आज दुनिया के भरोसेमंद पेसरों में गिने जाते हैं। अपनी तेज रफ्तार, सटीक लाइन-लेंथ और लगातार विकेट निकालने की कला के दम पर उन्होंने तीनों फॉर्मेट – टेस्ट, वनडे और टी-20 – में खुद को साबित किया है। लेकिन सवाल ये है कि सिराज का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किस फॉर्मेट में रहा है? आइए, उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
मोहम्मद सिराज ने वनडे क्रिकेट में जनवरी 2019 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में डेब्यू किया था। अब तक खेले गए 44 वनडे मैचों में उन्होंने 71 विकेट अपने नाम किए हैं। उनका गेंदबाजी औसत 24.04 और इकॉनमी रेट 5.18 का है, जो इस फॉर्मेट में उनकी किफायती और घातक गेंदबाजी को दिखाता है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6 विकेट 21 रन रहा है, जिसे वनडे क्रिकेट के यादगार स्पेल्स में गिना जाता है।
सिराज ने दिसंबर 2020 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न टेस्ट से अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी। अब तक 41 टेस्ट मैचों में उन्होंने 123 विकेट झटके हैं। उनका औसत 31.05 और इकॉनमी 3.57 है। टेस्ट क्रिकेट में उनका बेस्ट बॉलिंग आंकड़ा 9 विकेट 190 रन रहा है। इसके अलावा, सिराज ने 7 बार पांच विकेट लेने का कारनामा किया है, जो उनकी लंबी फॉर्मेट में मैच जिताने वाली क्षमता को साबित करता है।
टी-20 क्रिकेट में सिराज ने नवंबर 2017 में न्यूजीलैंड के खिलाफ राजकोट में डेब्यू किया था। इस फॉर्मेट में उन्होंने 16 मैचों में 14 विकेट लिए हैं। उनका औसत 32.28 और इकॉनमी रेट 7.79 रन प्रति ओवर है। टी-20 में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4 विकेट 17 रन रहा है।
हालांकि सिराज ने तीनों फॉर्मेट में अच्छा खेल दिखाया है, लेकिन उनके आंकड़ों और प्रभाव को देखते हुए कहा जा सकता है कि टेस्ट क्रिकेट उनका सबसे सफल फॉर्मेट रहा है। लंबी फॉर्मेट में उनकी लगातार विकेट लेने की क्षमता, स्विंग और पेस का बेहतरीन मेल उन्हें टीम इंडिया के लिए बेहद खास बनाता है।
CHANNEL009 Connects India
