महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के शेड्यूल में बड़ा बदलाव किया जा रहा है और इसका सीधा असर बेंगलुरु के मशहूर एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम पर पड़ा है। शुरुआती कार्यक्रम में इस स्टेडियम को पांच बड़े मैचों की मेजबानी दी गई थी, जिनमें टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला भी शामिल था। लेकिन अब यह वेन्यू पूरी तरह से लिस्ट से बाहर हो सकता है।
पहले जारी शेड्यूल में 30 सितंबर को भारत बनाम श्रीलंका का मैच यहीं खेला जाना था। इसके अलावा 26 अक्टूबर को भारत बनाम बांग्लादेश सहित कुल पांच मैच इस मैदान पर होने थे। लेकिन अब बीसीसीआई के ताजा फैसले के बाद ये सभी मुकाबले किसी और शहर में शिफ्ट किए जाएंगे।
कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) बेंगलुरु में मैच कराने के लिए कर्नाटक सरकार से जरूरी अनुमति हासिल नहीं कर पाया। बीसीसीआई ने इस काम के लिए दो दिन का अतिरिक्त समय भी दिया, लेकिन समय सीमा के भीतर परमिशन नहीं मिली। ऐसे में आयोजकों को मजबूरन नया वेन्यू चुनना पड़ा।
एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम का नाम हटाने के पीछे सुरक्षा कारण भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। जून 2025 में आईपीएल फाइनल के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की जीत पर जश्न के दौरान स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद सरकार ने सुरक्षा नियम कड़े कर दिए और बड़े आयोजनों के लिए मंजूरी देना मुश्किल हो गया।
बीसीसीआई सूत्रों के मुताबिक, बेंगलुरु की जगह हैदराबाद और तिरुवनंतपुरम के नाम पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, तिरुवनंतपुरम को मेजबानी मिलने की संभावना सबसे ज्यादा है। अगर ऐसा होता है, तो एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में वर्ल्ड कप मैच देखने का इंतजार और लंबा हो जाएगा.
CHANNEL009 Connects India
