भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफ़ान पठान और पाकिस्तान के दिग्गज क्रिकेटर शाहिद अफरीदी के बीच पुराना विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। इरफ़ान ने हाल ही में एक इंटरव्यू में अफरीदी को बदतमीज करार देते हुए उनके साथ हुआ एक किस्सा भी साझा किया।
इरफ़ान ने ‘द लल्लनटॉप’ को दिए इंटरव्यू में बताया कि पाकिस्तान दौरे के दौरान एक बार वह फ्लाइट में सफर कर रहे थे। उसी दौरान अफरीदी उनके पास आए और उनके बाल पकड़कर निजी टिप्पणी की। इरफ़ान ने बताया कि वह इस हरकत से नाराज़ हो गए और अफरीदी को जवाब देते हुए कहा –“बच्चों वाली हरकतें मत करो, तू कब से बाप बन गया?”
इसके बाद इरफ़ान ने आगे जोड़ा कि उन्होंने साथी खिलाड़ी अब्दुल रज्जाक से मज़ाक में कहा कि यहां कुत्ते का मीट कहां मिलता है, क्योंकि अफरीदी लगातार भौंक रहे थे। इस पर अफरीदी चुप हो गए और फिर कुछ नहीं बोले।
इरफ़ान ने यह भी याद दिलाया कि अफरीदी ने कभी हर्षा भोगले के साथ इंटरव्यू में उनके बारे में कहा था कि वह “सच्चे पठान” नहीं हैं। इस टिप्पणी पर इरफ़ान ने कहा –
“मुझे बहुत बुरा लगा। उन्होंने सिर्फ मेरे नहीं बल्कि मेरे परिवार का भी अपमान किया। यह साफ दिखाता है कि वो बदतमीज हैं।”
इरफ़ान पठान के इस बयान पर पाकिस्तान के पूर्व स्पिनर दानिश कनेरिया ने भी उनका समर्थन किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा –
“इरफ़ान भाई, आप बिल्कुल सही कह रहे हैं। अफरीदी हमेशा निजी हमले करते हैं। चाहे परिवार पर हो या धर्म पर। शालीनता और सभ्यता उनकी आदतों में कभी नहीं रही।”
कनेरिया, जिन्होंने पाकिस्तान के लिए 79 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले, पहले भी बता चुके हैं कि उन्हें अपने धर्म (हिंदू होने की वजह से) पाकिस्तान टीम में भेदभाव का सामना करना पड़ा।
इरफ़ान पठान और दानिश कनेरिया दोनों के बयानों के बाद शाहिद अफरीदी एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गए हैं। सोशल मीडिया पर फैंस भी इस मुद्दे पर खूब चर्चा कर रहे हैं और कई लोग इरफ़ान व कनेरिया के समर्थन में सामने आ रहे हैं।
CHANNEL009 Connects India
