वनडे इंटरनेशनल (ODI) क्रिकेट में हर बल्लेबाज का सपना होता है कि वह अपने करियर में एक या उससे ज्यादा शतक लगाए। शतक किसी भी खिलाड़ी के करियर में बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। लेकिन कुछ खिलाड़ी ऐसे भी रहे हैं जिन्होंने काफी रन बनाए, टीम को कई मैच जिताए, लेकिन कभी भी शतक नहीं बना पाए।
ऐसे खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से साबित किया कि सिर्फ शतक ही खिलाड़ी की काबिलियत नहीं दिखाता, बल्कि लगातार रन बनाना और टीम के लिए उपयोगी साबित होना भी उतना ही अहम है। चलिए जानते हैं उन टॉप 7 खिलाड़ियों के बारे में जिन्होंने वनडे क्रिकेट में एक भी सेंचुरी नहीं लगाई लेकिन खूब रन बनाए।
1. मिस्बाह-उल-हक (पाकिस्तान)
पाकिस्तानी टीम के पूर्व कप्तान मिस्बाह-उल-हक इस लिस्ट में सबसे ऊपर हैं। उन्होंने 162 मैच खेले और 5,122 रन बनाए। उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 96 रन रहा। मिस्बाह अक्सर टीम को संभालने वाले खिलाड़ी साबित हुए, लेकिन उन्हें शतक का सुख कभी नहीं मिला।
2. वसीम अकरम (पाकिस्तान)
दुनिया के सबसे महान ऑलराउंडर्स में गिने जाने वाले वसीम अकरम गेंदबाजी के अलावा बल्ले से भी टीम के लिए कई बार कारगर साबित हुए। उन्होंने 356 वनडे मैचों में 3,717 रन बनाए। उनका सर्वोच्च स्कोर 86 रन रहा।
3. मोइन खान (पाकिस्तान)
पाकिस्तान के विकेटकीपर-बल्लेबाज मोइन खान का नाम भी इस लिस्ट में है। उन्होंने 219 मैचों में 3,266 रन बनाए। उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 72 रन है।
4. हीथ स्ट्रीक (जिम्बाब्वे)
जिम्बाब्वे के महान ऑलराउंडर और पूर्व कप्तान हीथ स्ट्रीक का सितंबर 2023 में निधन हो गया। उन्होंने 189 मैचों में 2,943 रन बनाए और उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 79 रन रहा। वे गेंदबाजी के साथ-साथ निचले क्रम में बैटिंग से भी टीम को योगदान देते थे।
5. रवींद्र जडेजा (भारत)
भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा भी इस लिस्ट में शामिल हैं। जडेजा ने अब तक 204 मैचों में 2,806 रन बनाए हैं। उनका बेस्ट स्कोर 87 रन है। खास बात यह है कि वे 51 बार नॉट आउट रहे हैं, जिससे पता चलता है कि वे टीम को अंत तक टिकाकर रखने वाले खिलाड़ी हैं।
6. एंड्रयू जोन्स (न्यूजीलैंड)
न्यूजीलैंड के बल्लेबाज एंड्रयू जोन्स ने भी अपने करियर में कोई शतक नहीं लगाया। उन्होंने 87 मैचों में 2,784 रन बनाए। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 93 रन रहा।
7. गाय व्हिटॉल (जिम्बाब्वे)
जिम्बाब्वे के गाय व्हिटॉल इस लिस्ट में सातवें नंबर पर हैं। उन्होंने 147 मैचों में 2,705 रन बनाए। उनका बेस्ट स्कोर 83 रन है।
यह लिस्ट बताती है कि क्रिकेट में सिर्फ शतक लगाना ही सफलता की पहचान नहीं है। लगातार रन बनाना और टीम के लिए योगदान देना भी उतना ही अहम है। मिस्बाह-उल-हक से लेकर रवींद्र जडेजा तक, इन खिलाड़ियों ने साबित किया कि टीम के लिए खेले गए छोटे-छोटे अहम पारियां भी मैच जिताने में बड़ी भूमिका निभाती हैं।
CHANNEL009 Connects India
