Breaking News

अंकिता ध्यानी ने बनाया नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड, जीता स्वर्ण पदक

भारतीय एथलीट अंकिता ध्यानी ने इस्राइल में आयोजित ग्रैंड स्लैम जेरूसलम एथलेटिक्स मीट में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। उन्होंने महिलाओं की 2000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

23 वर्षीय अंकिता ने यह दौड़ 6 मिनट 13.92 सेकंड में पूरी की। इस प्रदर्शन से उन्होंने पारुल चौधरी के पुराने राष्ट्रीय रिकॉर्ड (6:14.38 सेकंड) को पीछे छोड़ दिया। यह दौड़ गुरुवार को हुई थी और इस जीत के साथ अंकिता ने देश का नाम रोशन किया। इस जीत से अंकिता को महत्वपूर्ण रैंकिंग पॉइंट्स मिले हैं। भारतीय एथलेटिक्स टीम के मुख्य कोच राधाकृष्णन नायर ने बताया कि नियमों के मुताबिक, 2000 मीटर स्टीपलचेज़ में मिले अंक 3000 मीटर स्टीपलचेज की विश्व रैंकिंग में गिने जाएंगे। इससे अंकिता को अगले महीने टोक्यो में होने वाली विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई करने में मदद मिलेगी।

ग्रैंड स्लैम जेरूसलम विश्व एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर सिल्वर लेवल प्रतियोगिता है। इस स्पर्धा में इस्राइल की एडवा कोहेन ने 6:15.20 सेकंड में दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि डेनमार्क की जूलियन ह्विद ने 6:17.80 सेकंड के समय के साथ तीसरा स्थान पाया।

पिछले महीने अंकिता ने विश्व विश्वविद्यालय खेलों में 3000 मीटर स्टीपलचेज में रजत पदक जीता था। तब उनका समय 9:31.99 था, जो उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ था। पिछले साल वे ओलंपिक में 5000 मीटर दौड़ में हिस्सा ले चुकी हैं। इस साल की शुरुआत में उन्होंने राष्ट्रीय खेलों में 5000 मीटर और 3000 मीटर स्टीपलचेज दोनों में स्वर्ण पदक जीते।

अंकिता ध्यानी का यह प्रदर्शन भारतीय एथलेटिक्स के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने न सिर्फ नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया, बल्कि भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गर्व का मौका भी दिया। अब उनकी नजर अगले महीने होने वाली विश्व चैंपियनशिप में क्वालिफाई करने और अच्छा प्रदर्शन करने पर है।

About Hussain

Check Also

निशांत कुमार के काफिले में दिखीं 13 गाड़ियां, बिहार के स्वास्थ्य मंत्री ने वाहन कम करने से किया इनकार!

बिहार में मंत्री के काफिले पर सियासत तेज, निशांत कुमार के काफिले में दिखीं 13 …

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Channel 009
help Chat?