Breaking News

अवैध सट्टेबाजी मामले में ईडी का एक्शन, सुरेश रैना को समन

पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना मुश्किल में फंस गए हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उन्हें समन जारी किया है और बुधवार को दिल्ली स्थित ईडी के दफ्तर में पेश होने के लिए कहा है। यह मामला अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म 1xBet की जांच से जुड़ा हुआ है। ईडी इस दौरान रैना का बयान दर्ज करेगी।

दरअसल, ईडी पिछले कई महीनों से बड़े पैमाने पर चल रहे ऑनलाइन बेटिंग रैकेट की जांच कर रही है। इसी जांच के तहत हाल ही में एजेंसी ने मुंबई, दिल्ली-एनसीआर, हैदराबाद, जयपुर, मदुरै और सूरत में करीब 15 ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान एक अन्य बेटिंग ऐप Parimatch के जरिए चल रहे अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क का भी खुलासा हुआ।

पिछले साल दिसंबर में 1xBet ने सुरेश रैना को अपना ब्रांड एम्बेसडर बनाया था। उस समय कंपनी ने बयान जारी कर कहा था कि रैना के साथ उनकी साझेदारी से उन्हें फैंस को बेटिंग के लिए आकर्षित करने में मदद मिलेगी। वहीं, ईडी पिछले कुछ समय से ऐसे सभी प्लेटफॉर्म्स पर कड़ा रुख अपनाए हुए है, खासकर तब जब नामी सेलिब्रिटी इनका प्रचार करते हैं।

इस पूरे मामले की जांच 2024 में शुरू हुई थी, जब मुंबई पुलिस में मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ था। शुरुआती जांच में सामने आया कि यूजर्स से ठगे गए करोड़ों रुपये नकली या अवैध बैंक खातों में जमा कराए गए और फिर एजेंट्स के जरिए अलग-अलग जगहों पर बांटे गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस रैकेट में करीब 2,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का लेन-देन हुआ हो सकता है।

अब चूंकि सुरेश रैना इस कंपनी के ब्रांड एम्बेसडर रहे हैं, इसलिए ईडी उन्हें पूछताछ के लिए बुला रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस मामले में उनकी क्या भूमिका रही। बुधवार को रैना का बयान दर्ज होने के बाद ही आगे की तस्वीर साफ हो पाएगी।

About Hussain

Check Also

निशांत कुमार के काफिले में दिखीं 13 गाड़ियां, बिहार के स्वास्थ्य मंत्री ने वाहन कम करने से किया इनकार!

बिहार में मंत्री के काफिले पर सियासत तेज, निशांत कुमार के काफिले में दिखीं 13 …

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Channel 009
help Chat?