बुधवार को आईसीसी ने नई वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग जारी की, जिसमें भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को बड़ा फायदा मिला है। खास बात यह है कि उन्होंने पिछले पांच महीने में एक भी इंटरनेशनल मैच नहीं खेला, फिर भी वह दुनिया के नंबर-2 वनडे बल्लेबाज बन गए हैं। उनके नाम अब 756 रेटिंग पॉइंट्स हो गए हैं।
यह फायदा उन्हें इसलिए मिला क्योंकि पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में अच्छी बल्लेबाजी नहीं कर पाए। बाबर ने तीन मैचों में सिर्फ 56 रन बनाए, जिसकी वजह से वह रैंकिंग में फिसलकर दूसरे से तीसरे स्थान पर पहुंच गए। वनडे बल्लेबाजों की लिस्ट में इस समय शुभमन गिल सबसे ऊपर हैं। गिल के पास 784 रेटिंग पॉइंट्स हैं और उन्होंने अपना टॉप पोजीशन बरकरार रखा है। रोहित शर्मा आखिरी बार 9 मार्च 2025 को न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में खेले थे। तब से वह किसी भी अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में नहीं उतरे हैं। अगर बाबर आजम का प्रदर्शन ऐसे ही कमजोर रहा, तो विराट कोहली भी उन्हें पीछे छोड़ सकते हैं।
वनडे की तरह टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में भी इस हफ्ते कई बड़े उलटफेर देखने को मिले। ऑस्ट्रेलिया के पावर हिटर टिम डेविड पहली बार अपने करियर में टॉप-10 बल्लेबाजों की सूची में शामिल हुए हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 में उन्होंने 83 रन की तूफानी पारी खेली थी, जिससे उन्हें रैंकिंग में 6 स्थान की छलांग मिली और वह अब 10वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
भारत के अभिषेक शर्मा 829 पॉइंट्स के साथ टी20 बल्लेबाजों में नंबर-1 पर बने हुए हैं। वहीं, तिलक वर्मा ने इंग्लैंड के फिल सॉल्ट को पीछे छोड़ते हुए दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। तिलक के 804 पॉइंट्स हैं, जबकि सॉल्ट के पास 791 पॉइंट्स हैं।
साउथ अफ्रीका के 22 वर्षीय युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस ने इस हफ्ते टी20 रैंकिंग में सबसे बड़ा उछाल मारा है। मंगलवार, 12 अगस्त को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 41 गेंदों पर शतक जड़ा और नाबाद 125 रन बनाए। यह पारी उनके करियर की सबसे धमाकेदार पारी मानी जा रही है। इस प्रदर्शन के दम पर ब्रेविस को रैंकिंग में 80 स्थान का फायदा हुआ और अब वह 21वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
CHANNEL009 Connects India
