तेहरान/यरुशलम: पश्चिम एशिया में तनाव और गहराता जा रहा है। ईरान ने सोमवार को एक चौंकाने वाला दावा किया कि उसके खुफिया एजेंटों ने एक गुप्त अभियान के तहत इजरायल के परमाणु स्थलों की पूरी सूची हासिल कर ली है। इस बयान ने इजरायल समेत अमेरिका और अन्य वैश्विक शक्तियों को भी अलर्ट कर दिया है।
ईरान ने दी इजरायल को सख्त चेतावनी
ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने दावा किया है कि इजरायल में जिन स्थानों पर परमाणु गतिविधियां चल रही हैं, उनकी जानकारी अब तेहरान के पास है। परिषद के अनुसार, यदि इजरायल ने कोई “उकसावे वाली कार्रवाई” की, तो ईरान इन ठिकानों को सीधे निशाना बनाने से पीछे नहीं हटेगा।
दस्तावेज, फोटो और वीडियो भी हाथ लगे: ईरान
ईरान के खुफिया मंत्री इस्माइल खातिब ने इस अभियान को “एक ऐतिहासिक खुफिया विजय” बताते हुए कहा कि एजेंटों ने सिर्फ नक्शे ही नहीं, बल्कि इजरायली परमाणु परियोजनाओं से जुड़े दस्तावेज, उपग्रह चित्र और कुछ अहम वीडियो फुटेज भी एकत्र किए हैं। उन्होंने कहा कि “सही वक्त आने पर” यह सामग्री सार्वजनिक की जाएगी।
ईरानी सरकारी मीडिया का भी दावा है कि यह ऑपरेशन महीनों की तैयारी और हाई-टेक साइबर मॉनिटरिंग के जरिए अंजाम दिया गया। एक रिपोर्ट में बताया गया कि इजरायल के परमाणु नेटवर्क में सेंध लगाने के लिए कई स्तर पर हैकिंग की गई थी।
इजरायल पर हमले की आशंका
वहीं दूसरी ओर, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने हाल ही में अपनी रिपोर्ट में यह संकेत दिया था कि इजरायल भविष्य में ईरान के खिलाफ सीधा सैन्य हमला कर सकता है। रिपोर्ट में कहा गया कि इजरायली नेतृत्व ईरान की बढ़ती परमाणु क्षमताओं को लेकर चिंतित है और उसे निष्क्रिय करने के लिए सैन्य विकल्पों पर गंभीरता से विचार कर रहा है।
IAEA और अमेरिका की चिंता
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के प्रमुख राफेल ग्रॉसी पहले ही चेतावनी दे चुके हैं कि ईरान उच्च स्तर के यूरेनियम का भंडार तेजी से बढ़ा रहा है, जो हथियार निर्माण के लिए प्रयाप्त हो सकता है। वहीं अमेरिका भी लगातार कहता रहा है कि यदि परमाणु समझौते पर ईरान के साथ सहमति नहीं बनती, तो इजरायल को सैन्य कदम उठाने से नहीं रोका जाएगा।
ट्रंप की भी आई थी चेतावनी
हाल ही में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी खुलासा किया था कि उन्होंने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से आग्रह किया था कि वो ईरान पर हमला न करें, ताकि अमेरिका को कूटनीतिक समाधान निकालने का समय मिल सके।
CHANNEL009 Connects India
