ऑस्ट्रेलिया-ए महिला टीम ने रविवार को मकाय के ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में खेले गए तीसरे टी20 मैच में भारत-ए को 4 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलियाई टीम ने तीन मुकाबलों की टी20 सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर लिया।
टॉस जीतने के बाद ऑस्ट्रेलिया-ए ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। निर्धारित 20 ओवर में टीम ने 8 विकेट खोकर 144 रन बनाए। शुरुआत में ही 37 के स्कोर पर एलिसा हीली आउट हो गईं, जिन्होंने 21 गेंदों पर 1 छक्का और 3 चौके लगाकर 27 रन बनाए। इसके बाद ताहलिया विल्सन ने 14 रन का योगदान दिया, जबकि अनिका लियरॉयड ने 17 गेंदों पर 22 रन बनाए।
टीम के लिए सबसे ज्यादा रन मैडलिन पेन्ना ने बनाए। उन्होंने 32 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 39 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। भारत-ए की ओर से कप्तान राधा यादव और प्रेमा रावत ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट झटके, वहीं सजीवन सजना ने 1 विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत-ए की शुरुआत खराब रही। टीम ने सिर्फ 16 रन पर ही वृंदा दिनेश (4) और उमा छेत्री (3) के विकेट खो दिए। इसके बाद शेफाली वर्मा और राघवी बिष्ट ने तीसरे विकेट के लिए 43 रन जोड़कर पारी को संभाला। शेफाली ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों पर 41 रन बनाए, जिसमें 1 छक्का और 6 चौके शामिल थे। लेकिन उनके आउट होने के बाद राघवी ने मिन्नू मणी के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 48 रन जोड़े। राघवी 25 गेंदों पर 25 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं, जबकि मिन्नू ने 29 गेंदों पर 30 रन बनाए।
अंतिम ओवरों में टीम को जीत के लिए तेज रन चाहिए थे, लेकिन भारतीय बल्लेबाज लय बनाए रखने में नाकाम रहे। निर्धारित 20 ओवर में भारत-ए 8 विकेट पर 140 रन ही बना सकी और 4 रन से मैच हार गई।
ऑस्ट्रेलिया-ए की ओर से सियाना जिंजर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए। वहीं लूसी हैमिल्टन और एमी लुईस एडगर को 1-1 विकेट मिला।
इससे पहले सीरीज के पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया-ए ने भारत-ए को 13 रन से हराया था, जबकि दूसरे मैच में 114 रन के बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। इस तरह ऑस्ट्रेलियाई टीम ने सीरीज को पूरी तरह अपने नाम किया।
CHANNEL009 Connects India
