साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होने से पहले ऑस्ट्रेलिया टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के तीन अहम खिलाड़ी — मिचेल ओवेन, लांस मोरिस और मैथ्यू शॉर्ट — चोटिल होकर सीरीज से बाहर हो गए हैं।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने इनकी जगह आरोन हार्डी, कूपर कोनोली और मैथ्यू कुह्नेमन को टीम में शामिल किया है। वनडे सीरीज 19 अगस्त से शुरू होगी, जबकि दोनों टीमों के बीच टी-20 सीरीज का आखिरी मैच 16 अगस्त को खेला जाएगा।
मिचेल ओवेन दूसरे टी-20 मैच में बैटिंग करते हुए चोटिल हुए। कगिसो रबाडा की तेज गेंद उनके बैट से टकराकर सीधे हेलमेट पर जा लगी। मैदान पर फिजियो को बुलाना पड़ा, हालांकि ओवेन ने खेलना जारी रखा लेकिन कुछ देर बाद आउट हो गए। मैच खत्म होने के बाद मेडिकल टीम ने उन्हें आराम करने और 12 दिन तक क्रिकेट से दूर रहने की सलाह दी। इसका मतलब है कि वे तीसरा टी-20 और वनडे सीरीज — जो उनके करियर का पहला वनडे होता — दोनों से चूक जाएंगे।
तेज गेंदबाज लांस मोरिस को प्रैक्टिस के दौरान पीठ में खिंचाव महसूस हुआ, जिसकी वजह से वे इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी नहीं कर पाएंगे। इलाज के लिए वे पर्थ लौट गए हैं। उनकी अगली महीने होने वाली इंडिया-ए के खिलाफ चार दिवसीय मैच में भी खेलने की संभावना कम है।
मैथ्यू शॉर्ट पहले से ही इंजरी से जूझ रहे हैं। जुलाई में वेस्टइंडीज दौरे पर उन्हें मांसपेशियों में खिंचाव आया था, जिससे वे अभी तक पूरी तरह ठीक नहीं हुए हैं। इसी कारण वे साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज में भी नहीं खेल पाए थे। इस साल की शुरुआत में चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान उन्हें पैर में भी चोट लगी थी।
तीन मैचों की टी-20 सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबरी पर है। पहला मैच ऑस्ट्रेलिया ने 17 रन से जीता, जबकि दूसरा मैच साउथ अफ्रीका ने 53 रन से अपने नाम किया। अब सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला 16 अगस्त को कैर्न्स में खेला जाएगा।
वनडे सीरीज का कार्यक्रम
- पहला वनडे — 19 अगस्त, कैर्न्स
- दूसरा वनडे — 22 अगस्त, मैकाय
- तीसरा वनडे — 24 अगस्त, मैकाय
ऑस्ट्रेलिया का अपडेटेड वनडे स्क्वॉड
मिचेल मार्श (कप्तान), जैवियर बार्टलेट, एलेक्स कैरी, कूपर कोनोली, बेन ड्वारशस, नाथन एलिस, कैमरन ग्रीन, आरोन हार्डी, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुह्नेमन, मार्नस लाबुशेन और एडम जम्पा।
CHANNEL009 Connects India
