मध्यप्रदेश के शिवपुरी में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के कार्यक्रम में अचानक आग लग गई। यह हादसा उनके स्वागत के दौरान आतिशबाजी की वजह से हुआ। सिंधिया के संसदीय क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में आग की लपटें उठती ही लोगों में अफरातफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि सिंधिया के स्वागत में की गई आतिशबाजी से चिंगारी पास में पड़े कचरे के ढेर तक जा पहुंची, जिससे आग भड़क उठी। आग कुछ ही पलों में विकराल हो गई, लेकिन समय रहते दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया गया।
यह कार्यक्रम शिवपुरी को टाइगर रिजर्व का दर्जा मिलने और अन्य सौगातों के लिए धन्यवाद सभा के रूप में आयोजित किया गया था। मंगलवार रात रोड शो के दौरान आतिशबाजी के चलते यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग बहुत तेजी से फैलने लगी थी और कुछ ही देर में भीषण रूप ले लिया।
शिवपुरी नगरपालिका के कर्मचारियों ने कचरा बाउंड्री के पीछे डंप कर दिया था, जिसे समय पर हटाया नहीं गया। इसी ढेर में आग लग गई। अच्छी बात यह रही कि सतर्कता के चलते कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
जिस जगह आग लगी, वहां कई वाहन खड़े थे। अगर आग पर समय रहते काबू न पाया जाता तो बड़ा नुकसान हो सकता था। दमकल कर्मियों की तेजी से आग बुझा दी गई और कार्यक्रम को सुरक्षित तरीके से समाप्त किया गया।
CHANNEL009 Connects India
