ग़ाज़ा के दक्षिणी शहर ख़ान यूनिस में हाल ही में इज़राइली वायुसेना ने भारी बमबारी की। इस हमले का मुख्य उद्देश्य था – मुहम्मद सिनवार, वह नाम जो फिलहाल इज़राइल की मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में सबसे ऊपर है। हमले का टारगेट बताया गया एक भूमिगत कमांड सेंटर, जो यूरोपियन हॉस्पिटल के नीचे स्थित बताया गया है। हालांकि, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया कि सिनवार मारा गया या फिर एक बार फिर चकमा देकर बच निकला।
क्यों है मुहम्मद सिनवार इतना अहम?
मुहम्मद सिनवार, हमास के पूर्व नेता याह्या सिनवार का छोटा भाई है। याह्या वही शख्स है, जिसे इज़राइल ने 7 अक्टूबर 2023 के हमले का मास्टरमाइंड मानते हुए निशाना बनाया था। याह्या की मौत के बाद अब मुहम्मद को हमास का सबसे ताकतवर और खतरनाक रणनीतिकार माना जाता है।
इज़राइली खुफिया सूत्रों का मानना है कि मुहम्मद की मौत, हमास की सैन्य संरचना और नेतृत्व को गहरे तक प्रभावित कर सकती है।
एक ऐसा कमांडर जो ‘साया’ बन चुका है
मुहम्मद सिनवार को लेकर एक खास बात यह है कि ग़ाज़ा में भी शायद ही कोई उसका चेहरा पहचानता हो। 2022 में दिए एक इंटरव्यू में दावा किया गया कि वह इतनी गुप्त रूप से काम करता है कि उसने अपने पिता के अंतिम संस्कार में भी हिस्सा नहीं लिया — पहचान उजागर होने के डर से।
इज़राइल द्वारा 2006 से अब तक कम से कम 6 बार उसे मारने की कोशिश की जा चुकी है। 2014 में यह अफवाह भी उड़ी कि वो मारा गया है, लेकिन कुछ समय बाद वो फिर से सामने आया।
कट्टरपंथ की पराकाष्ठा
मुहम्मद सिनवार, हमास की इज्ज अल-दीन अल-कस्साम ब्रिगेड का एक सीनियर कमांडर है। उसे हमास के भीतर सबसे कठोर और किसी भी शांति-वार्ता के विरोधी के रूप में देखा जाता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, उसने 2025 की शुरुआत तक हमास में नए लड़ाकों की भर्ती तेज की।
इज़राइल का मानना है कि जब तक हमास को पूरी तरह से खत्म करने की गारंटी नहीं दी जाती, तब तक सिनवार किसी भी संघर्ष विराम को स्वीकार नहीं करेगा।
अतीत से जुड़ी खौफनाक परछाइयाँ
2006 में इज़राइली सैनिक गिलाद शालित के अपहरण में भी मुहम्मद का नाम सामने आया था। यह वह घटना थी जिसमें गिलाद को पांच वर्षों तक बंदी बनाए रखा गया और बाद में 1000 से अधिक फिलिस्तीनी कैदियों के बदले रिहा किया गया — जिनमें उसका भाई याह्या भी शामिल था।
सिनवार की तलाश अभी बाकी…
इज़राइल की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि वह मारा गया है। लेकिन यह तय है कि अगर मुहम्मद सिनवार को खत्म किया जाता है, तो हमास की रणनीतिक और वार्तात्मक क्षमता को जबरदस्त धक्का लगेगा।
CHANNEL009 Connects India
