ओल्डहैम (इंग्लैंड): कभी-कभी प्यार को शब्दों की नहीं, एक छोटे से इशारे की ज़रूरत होती है – कुछ ऐसा ही किया 24 वर्षीय कैरा मेलिया ने अपनी मां वेंडी चैडविक के लिए, जिन्होंने अपनी ज़िंदगी पांच बच्चों की परवरिश में लगा दी और खुद का एक सपना – दुनिया घूमने का सपना – अधूरा छोड़ दिया।
वेंडी का जीवन परिवार के लिए समर्पित था। वह कभी दुनिया नहीं घूम पाईं, हालांकि उनका दिल हमेशा समुद्रों और देशों की सीमाओं के पार जाने को मचलता रहा। मां के इस अधूरे ख्वाब को बेटी ने एक अनोखे अंदाज़ में पूरा करने की ठानी।
बोतल में बंद सपना, समुद्र की लहरों पर सवार
वेंडी की मृत्यु के बाद, कैरा ने उनकी राख को एक कांच की बोतल में भरकर उसमें एक छोटा सा संदेश रखा –
“यह मेरी मां हैं। कृपया इसे वापस समुद्र में डाल दीजिए, वह दुनिया की यात्रा पर हैं।”
इसके बाद उन्होंने बोतल को स्केगनेस समुद्र तट से समुद्र में प्रवाहित कर दिया।
यात्रा की पहली बाधा, और फिर उम्मीद की उड़ान
हालांकि शुरुआत में यह बोतल दूर जाने के बजाय 12 घंटे बाद फिर उसी तट पर लौट आई, लेकिन एक स्थानीय महिला केली शेरिडन ने इसे फिर से समुद्र में बहा दिया। उसने सोशल मीडिया पर फोटो और वीडियो शेयर कर लिखा –
“हमें यह सुंदर आत्मा स्केगनेस के समुद्र तट पर मिली। जैसे कहा गया था, हमने उन्हें दोबारा समुद्र में छोड़ दिया। शुभ यात्रा।”
वीडियो में एक बच्चा बोतल को समुद्र की ओर फेंकते हुए दिखाई देता है – एक छोटा सा लेकिन दिल छू लेने वाला दृश्य।
एक आइडिया जिसने सब बदल दिया
शुरुआत में कैरा ने सोचा था कि वो अपनी मां की राख को समुद्र में बिखेर देंगी। लेकिन उनके चचेरे भाई और सबसे करीबी दोस्त ने उन्हें सुझाव दिया कि क्यों न राख को एक बोतल में रखकर उसे समंदर की लहरों के सहारे दुनिया की सैर पर भेजा जाए। इस विचार ने एक अंतिम विदाई को एक यादगार यात्रा में बदल दिया।
लोगों के दिलों को छू गई कहानी
सोशल मीडिया पर यह कहानी वायरल हो गई। सैकड़ों लोगों ने इस बेटी के भावुक प्रयास की सराहना की। एक यूजर ने लिखा,
“ये पढ़कर मेरी आंखें भर आईं। मैं दुआ करता हूं कि वो महिला इस दुनिया के हर कोने तक पहुंचे और उन्हें हर जगह आशीर्वाद मिले।”
एक और कमेंट आया –
“बेहद सुंदर विचार। ये सच्चा प्यार है।”
“मैं चाहती हूं मां बारबाडोस या स्पेन पहुंचे”
बीबीसी से बातचीत में कैरा ने कहा,
“मां के लिए ये मेरी ओर से आखिरी उपहार है। मैं चाहती हूं कि वो किसी खूबसूरत समुद्र तट तक पहुंचें – शायद बारबाडोस या स्पेन – और वहां की हवाओं में मुस्कराएं।”
CHANNEL009 Connects India
