Related Articles
चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां एक तालाब में 24 वर्षीय महिला और उसके 11 महीने के बेटे के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी और शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार से लापता मां-बेटे की तलाश जारी थी। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी पुलिस में दर्ज कराई थी। शनिवार को रंडियारडी रोड स्थित तालाब में ग्रामीणों ने सबसे पहले एक बच्चे का शव तैरता हुआ देखा और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से बच्चे का शव बाहर निकलवाया। परिजनों ने उसकी पहचान नवीन प्रजापत (11 महीने) के रूप में की। इसी दौरान तालाब के पास गड्ढे के किनारे बच्चे की मां ममता प्रजापत की चप्पल और रुमाल मिले, जिससे आशंका हुई कि वह भी तालाब में डूबी हो सकती है।
इसके बाद चित्तौड़गढ़ से सिविल डिफेंस की टीम को बुलाया गया। करीब ढाई घंटे की तलाश के बाद महिला का शव भी तालाब से बरामद कर लिया गया।
मां और बेटे के शव मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में मातम छा गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ममता शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अपने घर से यह कहकर निकली थी कि वह अपने बेटे को मंदिर लेकर जा रही है, लेकिन वापस नहीं लौटी। देर शाम तक कोई जानकारी न मिलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी थी।
CHANNEL009 Connects India
