Related Articles
ब्यावरा (मध्यप्रदेश) – मध्यप्रदेश के युवक मधुसूदन दांगी ने खेती के ज़रिए कुछ अलग कर दिखाया है। नरसिंहगढ़ के पिपल्या बाग गांव के 25 साल के मधुसूदन ने ड्रैगन फ्रूट की खेती शुरू कर अपने दम पर दो साल में करीब 7 लाख रुपये कमा लिए हैं।
पढ़ाई के बाद खेती की राह
मधुसूदन ने मास्टर्स ऑफ आर्ट्स (MA) तक पढ़ाई की और सरकारी नौकरी के लिए तैयारी की, लेकिन सफलता नहीं मिली। फिर उन्होंने कोविड के समय में कुछ नया करने की ठानी और यूट्यूब से देखकर ड्रैगन फ्रूट की खेती शुरू की।
एक बार लगाओ, 18 साल तक कमाओ
उन्होंने बताया कि ड्रैगन फ्रूट का पौधा एक बार लगाने पर 18 साल तक फल देता है। अगर ठीक से देखभाल की जाए तो और भी लंबे समय तक उत्पादन हो सकता है। मधुसूदन ने हैदराबाद से एक लाख रुपये के पौधे मंगवाए। साथ ही पोल और अन्य चीज़ों पर चार लाख रुपये खर्च किए।
पहली बार में ही 1300 किलो फल और 3 लाख की कमाई
खेती शुरू करने के 18 महीने बाद पहली बार फल आए, जिससे उन्हें करीब 1300 किलो ड्रैगन फ्रूट मिला। इससे तीन लाख रुपये की कमाई हुई। इस बार चार लाख रुपये तक की कमाई का अनुमान है।
अब हर साल उन्हें करीब 3000 किलो तक उत्पादन मिलेगा और खर्च सिर्फ 20-25 हजार रुपये ही रहेगा।
प्राकृतिक तरीके से कर रहे खेती
मधुसूदन रसायनों की जगह प्राकृतिक खेती पर जोर दे रहे हैं। उन्होंने अपनी 0.5 हेक्टेयर जमीन पर ड्रीप सिस्टम लगाया है जिससे सिंचाई होती है। मोटर सिर्फ चार-पांच दिन में आधे घंटे चलाई जाती है।
खरपतवार हटाने के लिए कोई दवा नहीं डालते, बल्कि निंदाई करवाते हैं। फंगस के इलाज के लिए वे नेचुरल घोल और ट्राइकोडर्मा का इस्तेमाल करते हैं।
मेहनत कम, मुनाफा ज्यादा
मधुसूदन ने बताया कि परंपरागत खेती की तुलना में मेहनत बहुत कम है, लेकिन मुनाफा कई गुना ज्यादा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि अगर नौकरी नहीं मिल रही हो तो खेती में भी अच्छा भविष्य बनाया जा सकता है।
“पढ़ाई के बाद नौकरी नहीं मिली, तो खेती की तरफ रुख किया। यूट्यूब से देखकर ड्रैगन फ्रूट की खेती शुरू की और आज लाखों कमा रहा हूं।” – मधुसूदन दांगी, किसान, पिपल्या बाग
CHANNEL009 Connects India
