जयपुर के गलताकुंड में सोमवार दोपहर दो चचेरे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। दोनों अपने दोस्तों के साथ कबाड़ लेने के लिए गलताकुंड आए थे। नहाने के लिए छलांग लगाने पर वे डूब गए। गलतागेट थाना पुलिस ने सिविल डिफेंस टीम की मदद से दोनों के शवों को पानी से बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भेज दिया।
SI गिरिराज ने बताया कि हादसे में सवाई माधोपुर निवासी सोनू (20) पुत्र राजू कोली और राहुल (23) पुत्र छोटा लाल कोली की मौत हो गई। दोनों चचेरे भाई कानोता में मीना पालड़ी में रहते थे। सोमवार दोपहर करीब 12:45 बजे वे अपने तीन दोस्तों के साथ गलताजी कबाड़ लेने आए थे। गलताजी पहुंचते ही वे अपने साथियों को सीढ़ियों पर छोड़कर भागते हुए नहाने के लिए जनाना कुंड में कूद गए।
बारिश के दौरान वहां मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकलने के लिए आवाज दी, लेकिन कुछ देर बाद दोनों एक-दूसरे को पकड़कर पानी में डूबते दिखाई दिए। यह देखकर वहां मौजूद लोगों में हंगामा मच गया। गलतागेट थाना पुलिस ने तुरंत सिविल डिफेंस टीम को कुंड में रेस्क्यू के लिए बुलाया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों भाइयों के शव कुंड से निकाले गए और उन्हें SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भेजा गया।
CHANNEL009 Connects India
