Breaking News

जयपुर में पति ने हथोड़े से सिर फोड़कर पत्नी की हत्या की: जमीन खरीदने के विवाद से परेशान था; खुद ने भी जहर पीया

जयपुर के शिप्रापथ थाना इलाके में एक पति ने हथोड़े से सिर फोड़कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी और फिर खुद जहर पी लिया। जमीन खरीदने के विवाद को लेकर दोनों के बीच काफी दिनों से तनाव था।

बेटे के जाने के बाद हुआ झगड़ा

सीआई अमित कुमार ने बताया कि महारानी फार्म में सरिता गुप्ता (50) की उसके पति विष्णु गुप्ता (56) ने हथोड़े से सिर फोड़कर हत्या कर दी। जांच में घरेलू कलह की बात सामने आई है। सुबह 4 बजे उनके बेटे शशांक ने चेन्नई जाने के लिए एयरपोर्ट के लिए निकल गया था। बेटे के जाने के बाद सुबह करीब 6 से साढ़े 6 बजे के बीच दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इस पर विष्णु गुप्ता ने गुस्से में आकर सरिता के सिर पर हथोड़े से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद विष्णु ने घर में रखा जहर पी लिया।

पड़ोसी के आने पर हुआ घटना का खुलासा

घटना का खुलासा सरिता की पड़ोसी दोस्त नीतू के घर आने पर हुआ। सुबह सवा 9 बजे तक सरिता के न उठने पर नीतू को शक हुआ। घंटी बजाने और गेट खटखटाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला तो उसने अपने भाई को बताया। इसके बाद नीतू के भाई ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने गेट तोड़कर निकाला शव

पुलिस को सुबह करीब साढ़े 9 बजे सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने गेट तोड़ा और अंदर घुसी। वहां हॉल में सरिता का खून से सना शव मिला और पति विष्णु गुप्ता अचेत अवस्था में पड़ा था। विष्णु के पास से विष की बोतल भी मिली और उसे उल्टी भी हो रही थी। उसे गंभीर हालत में एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सरिता का शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। विष्णु के होश में आने के बाद एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की जाएगी।

जमीन खरीदने को लेकर होता था विवाद

पड़ोसियों के अनुसार, विष्णु और सरिता के बीच जमीन खरीदने को लेकर लंबे समय से विवाद था। सरिता एक जमीन खरीदने पर जोर दे रही थी, लेकिन विष्णु इसके खिलाफ था। इसी कारण दोनों में अक्सर झगड़ा होता था।

बेटा चेन्नई में पढ़ाई कर रहा है

विष्णु गुप्ता का बेटा शशांक चेन्नई में बीटेक की पढ़ाई कर रहा है। पुलिस से सूचना मिलने पर वह तुरंत जयपुर के लिए रवाना हो गया है। विष्णु गुप्ता पेशे से वेटरनरी कंपाउंडर हैं।

About admin

Check Also

ईंधन बचत की अपील के बाद पीएम ने घटाया काफिले का आकार

संसाधनों के बेहतर उपयोग और ऊर्जा संरक्षण का दिया संदेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईंधन …

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Channel 009
help Chat?