Breaking News

जयपुर में बनेगा फोरलेन एलिवेटेड रोड, 4.5 किमी का सफर सिर्फ 9 मिनट में

जयपुर के सांगानेर इलाके में ट्रैफिक जाम से राहत देने के लिए एलिवेटेड रोड का निर्माण जल्द शुरू होने वाला है। इस बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्ट के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है और इसी महीने वर्क ऑर्डर जारी किया जा सकता है। माना जा रहा है कि होली के बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

125 से ज्यादा मकान-दुकानों पर असर
एलिवेटेड रोड के निर्माण के लिए सड़क चौड़ीकरण किया जाएगा। इसके तहत सांगासेतू पुलिया से चौरड़िया पेट्रोल पंप तक करीब 125 से अधिक मकान और दुकानों का चिन्हांकन किया गया है। इन्हें जल्द ही हटाने के लिए नोटिस दिए जाएंगे।

बजट में हुई थी घोषणा
इस प्रोजेक्ट की घोषणा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सरकार ने पिछले साल के बजट में की थी। फिलहाल टेंडर रेट को लेकर अंतिम सहमति की प्रक्रिया चल रही है। जैसे ही औपचारिक मंजूरी मिलेगी, निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

ट्रैफिक जाम से मिलेगी बड़ी राहत
सांगासेतू पुलिया, सलीम कागजी मार्ग और सांगानेर स्टेडियम रोड पर अक्सर भारी जाम रहता है। अभी सांगानेर थाने से चौरड़िया पेट्रोल पंप तक पहुंचने में करीब 30 मिनट लगते हैं। एलिवेटेड रोड बनने के बाद 4.5 किलोमीटर का सफर सिर्फ 9 मिनट में पूरा हो सकेगा। इससे ट्रैफिक का दबाव कम होगा और रिंग रोड व मेगा हाईवे से कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

4.5 किमी लंबा होगा फोरलेन रोड
यह एलिवेटेड रोड सांगानेर फ्लाईओवर से चौरड़िया पेट्रोल पंप तक बनेगा और इसकी लंबाई 4.5 किलोमीटर होगी। रोड फोरलेन होगा, यानी दोनों तरफ दो-दो लेन होंगी। चौरड़िया पेट्रोल पंप तिराहे पर यह दो हिस्सों में बंटेगा—एक मालपुरा गेट की ओर और दूसरा न्यू सांगानेर रोड रेलवे ओवरब्रिज की ओर जाएगा। गोपालपुरा फ्लाईओवर से दोनों ओर जाया जा सकेगा, लेकिन मालपुरा गेट से फ्लाईओवर की ओर सीधा रास्ता नहीं होगा।

240 करोड़ रुपए की लागत, 30 महीने में पूरा होगा काम
पहले इस प्रोजेक्ट की लागत 170 करोड़ रुपए तय की गई थी, लेकिन मालपुरा गेट तक विस्तार के बाद लागत बढ़कर करीब 240 करोड़ रुपए हो गई है। जेडीए ने एलिवेटेड रोड का निर्माण 30 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा है।

About admin

Check Also

निशांत कुमार के काफिले में दिखीं 13 गाड़ियां, बिहार के स्वास्थ्य मंत्री ने वाहन कम करने से किया इनकार!

बिहार में मंत्री के काफिले पर सियासत तेज, निशांत कुमार के काफिले में दिखीं 13 …

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Channel 009
help Chat?