नई दिल्ली में राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर राज्य से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की। इनमें बालोतरा रिफाइनरी का संचालन और जयपुर मेट्रो फेज-2 को केंद्र की मंजूरी मिलने का विषय प्रमुख रहा।
मुख्य सचिव ने केंद्रीय कैबिनेट सचिव टी.वी. सोमनाथन से मुलाकात कर बालोतरा रिफाइनरी के औपचारिक संचालन और उद्घाटन की तारीख जल्द तय करने पर बातचीत की। साथ ही जयपुर मेट्रो फेज-2 को जल्द केंद्र की स्वीकृति देने पर भी चर्चा हुई। उन्होंने मुख्य सचिवों के सम्मेलन में लिए गए फैसलों पर राजस्थान में हो रही कार्रवाई की जानकारी भी दी।
केंद्र के अधिकारियों से सात अहम बैठकें
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने एक के बाद एक सात बैठकों में राजस्थान का पक्ष मजबूती से रखा। केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन से मुलाकात में जयपुर में राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय के कैंपस पर चर्चा हुई।
कृषि सचिव देवेश चतुर्वेदी से मुलाकात में राजस्थान में कृषि तकनीक की प्रगति, ग्राम 2026 योजना के लिए सहयोग और केंद्र से अनुदान जारी करने का अनुरोध किया गया।
डीओपीटी सचिव रचना शाह के साथ मिशन कर्मयोगी, कैडर प्रबंधन और कुछ अधिकारियों को राज्य में वापस लाने के मुद्दे पर बात हुई।
एमएसएमई सचिव सुभाष चंद्र लाल दास से प्रदेश के छोटे और मध्यम उद्योगों को बैंकों से ज्यादा ऋण उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई। वहीं पंचायती राज सचिव को राजस्थान में पंचायत चुनावों की तैयारियों की जानकारी दी गई।
इसके अलावा मुख्य सचिव ने जनगणना को लेकर हुई बैठक में भी भाग लिया, जिसमें जनगणना प्रक्रिया पर चर्चा हुई।
राजस्थान के नवाचारों की सराहना
कैबिनेट सचिव टी.वी. सोमनाथन ने राजस्थान सरकार के नवाचारों की तारीफ की। उन्होंने केंद्र के ‘प्रगति’ मॉडल की तर्ज पर राजस्थान में लागू किए गए ‘राज उन्नति’ कार्यक्रम की विशेष रूप से सराहना की।
मुख्य सचिव ने पीएम-सेतु योजना और पीएम-कुसुम योजना की प्रगति की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि पीएम-सेतु योजना से राज्य में करीब 10 लाख रोजगार के अवसर बन सकते हैं। पीएम-कुसुम योजना से राजस्थान बिजली के मामले में सरप्लस राज्य बन रहा है और कई नए प्रयोग किए जा रहे हैं।
CHANNEL009 Connects India
