Related Articles
जयपुर में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जयंती मार्केट चौराहे के पास तेज रफ्तार कार ने पहले पैदल चल रही एक युवती को टक्कर मारी और फिर आगे जाकर बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार कार ने पहले सड़क पर पैदल जा रही युवती को टक्कर मारी। इसके बाद कार का संतुलन बिगड़ गया और उसने आगे चल रहे बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। युवक कार के नीचे फंस गया। आसपास के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक और घायल की पहचान
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान फैजान (27) निवासी खंडेला, सीकर के रूप में हुई है। वह जयपुर के भट्टा बस्ती इलाके में किराए पर रहकर प्राइवेट नौकरी करता था।
घायल युवती कुलसुम (19) रामगंज की रहने वाली है। वह कॉलेज का फॉर्म भरकर पैदल घर लौट रही थी। उसे गंभीर हालत में एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आरोपी चालक फरार
हादसे के बाद कार चालक मौके पर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है। जांच में पता चला है कि यह कार मनीष कुमार, निवासी फतेहपुर (सीकर) ने किराए पर ली थी।
पुलिस की कार्रवाई
एक्सीडेंट थाना (नॉर्थ) पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
CHANNEL009 Connects India
