Related Articles
टोंक जिले के सदर थाना क्षेत्र के गोल डूंगरी इलाके में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। शादी समारोह में डीजे पर डांस कर रहे बच्चों और महिलाओं को पिकअप वाहन ने कुचल दिया। इस हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चियां और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मौके पर ही दो बच्चों की मौत
पुलिस के अनुसार कुलदीप (8) और दिलखुश (10) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में अंता (34), ऊषा (8) और नेहा (7) घायल हो गईं। घायलों को तुरंत सआदत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
रिवर्स लेते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक शादी समारोह में डीजे बज रहा था और लोग नाच रहे थे। इसी दौरान डीजे की पिकअप चला रहे चालक ने गाड़ी को आगे बढ़ाने के बजाय अचानक पीछे कर दिया। पीछे खड़े लोग वाहन की चपेट में आ गए और यह हादसा हो गया।
घटना के बाद हंगामा
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। कुछ लोग बच्चों को गाड़ी के नीचे से निकालने में जुटे रहे। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं।
परिवार में मातम
दोनों बच्चों के शव सआदत अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में शादी की खुशियां थीं, वहां अचानक मातम छा गया। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
CHANNEL009 Connects India
