Related Articles
टी20 वर्ल्ड कप में दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन अब तक निराशाजनक रहा है। वह अपने पहले ही वर्ल्ड कप में लगातार तीसरी बार बिना खाता खोले आउट हो गए। नीदरलैंड्स के खिलाफ भी वह शून्य पर पवेलियन लौटे। सवाल उठ रहा है कि क्या विरोधी टीमों ने उनका कमजोर पक्ष पकड़ लिया है? नीदरलैंड की रणनीति को देखकर तो ऐसा ही लगता है।
नीदरलैंड की खास तैयारी
नीदरलैंड टीम मैनेजमेंट ने मैच से पहले खास तैयारी की थी। उन्होंने गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन से कहा कि उनकी टीम में कोई बाएं हाथ का बल्लेबाज नहीं है। इसके बाद करीब 100 किलोमीटर दूर अभ्यास कर रहे मनन हींगराजिया को बुलाया गया।
नेट प्रैक्टिस के दौरान कोच ने मनन से कहा कि उन्हें बिल्कुल अभिषेक शर्मा की तरह खेलना है और हर गेंद पर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश करनी है। यानी मनन को ‘डुप्लीकेट अभिषेक’ बनाकर अभ्यास कराया गया।
इसके बाद दाएं हाथ के ऑफ स्पिन गेंदबाज आर्यन दत्त को गेंदबाजी दी गई। आर्यन ने मनन के खिलाफ जमकर अभ्यास किया और अभिषेक को आउट करने की खास रणनीति तैयार की।
तीन गेंदों में खत्म हुई पारी
मैच में जब भारत की पारी शुरू हुई तो अभिषेक शर्मा स्ट्राइक पर थे और सामने थे आर्यन दत्त।
पहली गेंद:
आर्यन ने लगभग 96 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से फ्लैट और अंदर आती गेंद फेंकी। अभिषेक ने कवर की तरफ शॉट खेला, लेकिन रन नहीं मिला।
दूसरी गेंद:
दूसरी गेंद थोड़ी तेज और अंदर आती हुई थी। अभिषेक ने पीछे हटकर कवर-पॉइंट की दिशा में खेला, फिर भी कोई रन नहीं बना।
तीसरी गेंद:
तीसरी गेंद थोड़ी छोटी थी। अभिषेक ने पुल शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले को छूती हुई सीधे स्टंप्स में जा लगी। वह क्लीन बोल्ड हो गए।
इस तरह भारत ने शून्य के स्कोर पर पहला विकेट गंवा दिया और अभिषेक लगातार तीसरी बार डक पर आउट हो गए।
नीदरलैंड की यह रणनीति पूरी तरह सफल रही और उनकी सोच-समझकर बनाई गई योजना ने दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज को फंसा दिया।
CHANNEL009 Connects India
