Related Articles
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के आमदी नगर पंचायत में गंदे पानी की सप्लाई से लोगों की तबीयत बिगड़ गई है। यहां वार्ड नंबर 12 और 5 में पिछले 10 दिनों से डायरिया फैल रहा है। अब तक 50 से ज्यादा लोग बीमार हो चुके हैं। खासकर 20 से 25 लोग उल्टी, दस्त और बुखार से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।
वार्ड पार्षद चितेन्द्र साहू ने बताया कि पिछले कई दिनों से लोगों के घरों में गंदा पानी सप्लाई हो रहा है। पानी से बदबू आ रही है और उसमें कचरा भी मिल रहा है। लोग मजबूरी में इसी पानी का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे बीमारियां बढ़ रही हैं। शिकायत के बाद मितानिनों ने वार्ड का सर्वे किया, लेकिन अब तक स्वास्थ्य शिविर नहीं लगाया गया है। स्थिति दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है और अब बच्चे भी बीमार पड़ने लगे हैं। बीमार लोग अस्पताल में इलाज करवा रहे हैं।
नगर पंचायत की टीम को पाइप लाइन में लीकेज ढूंढने में काफी मेहनत करनी पड़ रही है। तीन दिन की कोशिश के बाद भी लीकेज का पता नहीं चल पाया है। इसलिए लोगों को पानी उबालकर पीने की सलाह दी गई है।
कौन-कौन हुए बीमार
दूषित पानी पीने से लोकेश पटेल, कविता साहू, सुनीति साहू, धनीराम साहू, हीरालाल साहू समेत 20 से 25 लोग बीमार हुए हैं। सभी अपना इलाज करा रहे हैं।
विधायक ने लिया हालात का जायजा
जानकारी मिलने पर विधायक ओंकार साहू ने मंगलवार को वार्ड 12 और 5 का दौरा किया। उन्होंने नगर पंचायत के अधिकारियों को तुरंत व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं।
नगर पंचायत आमदी के सीएमओ भूपेश दीवान ने कहा कि पाइप लाइन में लीकेज की वजह से गंदा पानी घरों में पहुंच रहा है। टीम लीकेज सुधारने में लगी हुई है और जल्द ही स्थिति सामान्य कर दी जाएगी।
CHANNEL009 Connects India
