एशिया कप 2025 का आगाज़ 9 सितंबर से होने जा रहा है। इस बड़े टूर्नामेंट के लिए अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की कमान इस बार स्टार ऑलराउंडर राशिद खान के हाथों में होगी। टीम में अनुभवी खिलाड़ी मोहम्मद नबी और गुलबादिन नाइब जैसे नाम भी मौजूद हैं।
लेकिन इस बार सबकी नजरें सिर्फ राशिद या नबी पर नहीं होंगी। अफगानिस्तान की टीम में ऐसे तीन खिलाड़ी शामिल हैं, जो अगर फॉर्म में आ गए तो किसी भी विरोधी टीम का खेल बिगाड़ सकते हैं। आइए जानते हैं उनके बारे में –
1. रहमानुल्लाह गुरबाज – तूफानी ओपनर
23 साल के विकेटकीपर-बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज अफगानिस्तान की बैटिंग लाइनअप का सबसे बड़ा हथियार हैं। वह अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। खासतौर पर ओपनिंग में आते ही शुरुआती ओवरों में गेंदबाजों पर टूट पड़ना उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
गुरबाज ने अब तक अफगानिस्तान के लिए 66 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 1683 रन बनाए हैं। उनके नाम एक शतक और 10 अर्धशतक भी दर्ज हैं। एशिया कप में अगर गुरबाज का बल्ला चला तो वे किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को तहस-नहस कर सकते हैं।
2. नूर अहमद – युवा स्पिन जादूगर
सिर्फ 20 साल के लेफ्ट आर्म लेग स्पिनर नूर अहमद को अफगानिस्तान का ‘मिस्ट्री बॉलर’ कहा जाता है। उनकी गेंदबाजी का अंदाज़ इतना अनोखा है कि बड़े-बड़े बल्लेबाज भी उनकी स्पिन को पढ़ नहीं पाते। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भले ही नूर ने अब तक सिर्फ 14 टी20 मैचों में 7 विकेट लिए हों, लेकिन उनका असली अनुभव आईपीएल से आता है। आईपीएल में उन्होंने अब तक 37 मैचों में 48 विकेट झटके हैं। चूंकि एशिया कप के कई मुकाबले यूएई की पिचों पर खेले जाएंगे, जो स्पिनर्स को मदद करती हैं, ऐसे में नूर अहमद विरोधियों के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं।
3. अजमतुल्लाह उमरजई – नए जमाने का ऑलराउंडर
25 साल के अजमतुल्लाह उमरजई अफगानिस्तान टीम के सबसे खतरनाक ऑलराउंडरों में गिने जाते हैं। वह बल्ले से तेजी से रन बना सकते हैं और गेंद से भी अहम विकेट निकालने का दम रखते हैं। उमरजई अब तक अफगानिस्तान के लिए 47 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। 2025 में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है, इसी वजह से उन्हें एशिया कप टीम में शामिल किया गया है। उनके पास मैच का रुख बदलने की क्षमता है। अगर वे फॉर्म में आ गए तो अफगानिस्तान की ताकत कई गुना बढ़ जाएगी।
राशिद खान और मोहम्मद नबी जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के अलावा अफगानिस्तान की टीम में रहमानुल्लाह गुरबाज, नूर अहमद और अजमतुल्लाह उमरजई जैसे युवा सितारे मौजूद हैं। ये खिलाड़ी एशिया कप 2025 में हर टीम के लिए सबसे बड़ा खतरा साबित हो सकते हैं।
CHANNEL009 Connects India
