Related Articles
रायपुर: नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर शुक्रवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) और भाजपा कार्यकर्ताओं ने गांधी मैदान में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी का पुतला जलाया गया।
पुतला जलाने से रोकने के लिए पुलिस और भाजपाईयों के बीच हल्की झड़प भी हुई, लेकिन कार्यकर्ता पुतला जलाने में सफल रहे। इसके बाद कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कांग्रेस भवन की ओर बढ़े, जहां पहले से तीन लेयर की पुलिस सुरक्षा तैनात थी।
करीब 45 मिनट तक कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। वहीं, कांग्रेस भवन के अंदर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष योगेश शर्मा और अन्य नेता हाथों में “ना हम अंग्रेजों से डरे थे, ना उनके मुखबीरों से डरते हैं” लिखे पोस्टर लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष कैलाश सोनकर ने कहा कि नेशनल हेराल्ड केस में ईडी की कार्रवाई पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत हो रही है। यह मामला वर्षों से लंबित है और इसमें 2000 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति के गलत लेन-देन का आरोप है, जो धोखाधड़ी, मनी लॉन्ड्रिंग और भ्रष्टाचार से जुड़ा है।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष कविन्द्र जैन ने कहा कि कांग्रेस इस कानूनी कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना बता रही है, जो जनता को गुमराह करने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।
इस प्रदर्शन में भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें अविनाश दुबे, चेतन हिंदूजा, राजीव सिन्हा, पवन गजपाल, विजय साहू, हेमंत चंद्राकर, मिश्रीलाल पटेल समेत कई नाम शामिल हैं।
CHANNEL009 Connects India
