Breaking News

नोएडा से न्यू आगरा तक चलेगी नई नमो भारत ट्रेन, 50 मिनट में तय होगी 131 किलोमीटर की दूरी

नोएडा और आगरा के बीच यात्रा अब और आसान होने वाली है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने नोएडा एयरपोर्ट से न्यू आगरा अर्बन सेंटर तक नमो भारत ट्रेन चलाने की योजना बनाई है। इस ट्रेन के लिए यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे 131 किलोमीटर लंबा ट्रैक बिछाया जाएगा।

इस योजना का मकसद नोएडा एयरपोर्ट को सीधे न्यू आगरा से जोड़ना है, जिससे कनेक्टिविटी बेहतर होगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

गाजियाबाद से नोएडा एयरपोर्ट तक भी ट्रेन की योजना

सिर्फ नोएडा से आगरा ही नहीं, बल्कि गाजियाबाद से नोएडा एयरपोर्ट तक भी नमो भारत ट्रेन चलाने की तैयारी है। इस ट्रैक की लंबाई 72.4 किलोमीटर होगी और इसमें 22 स्टेशन बनेंगे। इस प्रोजेक्ट की डीपीआर पहले तैयार की जा चुकी है, लेकिन कुछ आपत्तियों के बाद इसे संशोधित करके फिर से केंद्र सरकार को भेजा गया है।

न्यू आगरा में बड़े स्तर पर विकास

यमुना प्राधिकरण न्यू आगरा को एक आधुनिक शहर के रूप में विकसित करेगा। यहां करीब 9 हजार हेक्टेयर जमीन पर मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स और ट्रांसपोर्ट का हब बनाया जाएगा। इस क्षेत्र में लगभग 14 लाख परिवारों के लिए आवास और 8.5 लाख लोगों के लिए रोजगार के मौके तैयार होंगे।

हर सेक्टर में ग्रीन बेल्ट और पैदल यात्रियों के लिए अलग सड़कें बनाई जाएंगी। ट्रैफिक के लिए सात अलग-अलग सड़कें भी विकसित की जाएंगी, जो रिंग रोड की तर्ज पर होंगी। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए थीम पार्क, लक्जरी होटल, रिसॉर्ट्स और आधुनिक सम्मेलन केंद्र भी बनाए जाएंगे।

डिज्नीलैंड और यूनिवर्सल स्टूडियो जैसी थीम पार्क भी प्रस्तावित

यहां डिज्नीलैंड और यूनिवर्सल स्टूडियो जैसी सुविधाएं बनाने की भी योजना है। थीम पार्क में भारतीय विरासत, भविष्य की झलक और वर्चुअल-ऑगमेंटेड रियलिटी का इस्तेमाल होगा, जिससे पर्यटकों को डिजिटल और इंटरैक्टिव अनुभव मिलेगा।

50 मिनट में तय होगी नोएडा से न्यू आगरा की दूरी

अभी नोएडा से आगरा की दूरी यमुना एक्सप्रेसवे से लगभग 200 किलोमीटर है, जिसे तय करने में तीन घंटे लगते हैं। लेकिन नमो भारत ट्रेन की रफ्तार 160 किमी प्रति घंटे होगी, जिससे 131 किलोमीटर की दूरी सिर्फ 50 मिनट में पूरी की जा सकेगी।

यह ट्रेन जेवर एयरपोर्ट के पास से चलेगी और न्यू आगरा अर्बन सेंटर तक पहुंचेगी। इस योजना को जल्द ही प्राधिकरण की अगली बोर्ड बैठक में मंजूरी के लिए रखा जाएगा।

About admin

Check Also

गैस की किल्लत और कालाबाजारी के विरोध में आप का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम दिया ज्ञापन

जौनपुर में घरेलू गैस सिलेंडर की कमी और बढ़ती कीमतों के विरोध में आम आदमी …

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Channel 009
help Chat?