इस्लामाबाद/नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच पहलगाम आतंकी हमले के बाद तनाव तेजी से बढ़ रहा है। इस बीच पाकिस्तान के एक सांसद का बयान चर्चा का विषय बन गया है। शेर अफ़ज़ल खान मरवत, जो इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) से जुड़े हैं, ने कहा है कि अगर भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध होता है, तो वे सीमा पर जाने की बजाय इंग्लैंड भाग जाएंगे।
उनके इस बयान को लेकर पाकिस्तान के ही सोशल मीडिया यूज़र्स उन्हें जमकर ट्रोल कर रहे हैं। कई लोगों ने टिप्पणी की कि जब देश को नेताओं की सबसे ज्यादा जरूरत है, तब वे पीठ दिखा रहे हैं।
“मोदी मेरी मौसी का बेटा नहीं” — मरवत का वायरल जवाब
एक पत्रकार द्वारा यह पूछे जाने पर कि क्या वे युद्ध की स्थिति में सीमा पर लड़ने जाएंगे, मरवत ने बिना हिचकिचाहट कहा, “मैं तो इंग्लैंड चला जाऊंगा।” पत्रकार के एक और सवाल पर कि क्या वे मानते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तनाव घटाने के लिए पीछे हटना चाहिए, उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, “क्या मोदी मेरी मौसी का बेटा है जो मेरी बात मानेगा?”
इस बयान के बाद पाकिस्तानी नेताओं की विश्वसनीयता और आत्मविश्वास को लेकर बहस छिड़ गई है। कई यूज़र्स ने कहा कि “पाक नेता न तो अपनी सेना पर भरोसा करते हैं और न ही खुद पर।”
इमरान खान से दूरी, PTI में घटा कद
मरवत, फिलहाल जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी से जुड़े हैं। हालांकि, उनके बयानों और पार्टी लाइन से हटकर गतिविधियों के चलते इमरान खान ने उन्हें प्रमुख पदों से हटा दिया है। पार्टी में उनकी भूमिका सीमित होती जा रही है।
पहलगाम हमला: तनाव की जड़
भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया तनाव की वजह बना 22 अप्रैल को हुआ पहलगाम हमला, जिसमें तीन आतंकवादियों ने पर्यटकों के एक समूह पर हमला कर 26 लोगों की जान ले ली। घटना के बाद भारत ने इस हमले के पीछे पाकिस्तान समर्थित तत्वों का हाथ बताया और कड़ा जवाब देने की चेतावनी दी।
सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ कूटनीतिक कदम तेज किए हैं और जवाबी कार्रवाई की रणनीति पर मंथन जारी है।
CHANNEL009 Connects India
