रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का एक अनदेखा वीडियो इन दिनों चर्चा में है, जिसमें वह पहली बार अपने क्रेमलिन स्थित निजी निवास का दरवाज़ा दुनिया के लिए खोलते नजर आते हैं। लेकिन इस वीडियो की सबसे हैरान करने वाली बात वो शख्स है जिसकी बड़ी सी तस्वीर पुतिन के डेस्क के पास लगी हुई है — रूस के ऐतिहासिक सम्राट अलेक्ज़ेंडर तृतीय।
शाही अंदाज़ में सजा निजी अपार्टमेंट
इस इंटरव्यू वीडियो में पुतिन एक पत्रकार को अपने अपार्टमेंट का दौरा कराते हैं। वीडियो में दिखता है कि यह स्थान किसी आलीशान महल जैसा प्रतीत होता है — ऊंची छतों से लटकते क्रिस्टल के झूमर, दीवारों और दरवाज़ों पर सोने की नक्काशी, और एक चमकदार सफेद ग्रैंड पियानो। पुतिन बताते हैं कि यही वह जगह है, जहां वह देर रात तक बैठकर काम करते हैं।
जिस सम्राट को पूजते हैं पुतिन
पुतिन के डेस्क के पीछे एक विशाल चित्र टंगा है — अलेक्ज़ेंडर तृतीय का। यह वही रूसी सम्राट हैं जिन्हें “शांति का ज़ार” कहा जाता है क्योंकि उनके शासनकाल (1881-1894) में रूस ने किसी बड़े युद्ध में हिस्सा नहीं लिया। पुतिन की यह पसंद आज के हालातों के मद्देनज़र चौंकाने वाली है, जब खुद उनके नेतृत्व में रूस यूक्रेन में सैन्य अभियान चला रहा है और हजारों सैनिकों की जान जा चुकी है।
जिनपिंग के साथ लंच का ज़िक्र
पुतिन वीडियो में यह भी बताते हैं कि इसी कमरे में उन्होंने मार्च 2023 में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ एक अनौपचारिक ‘वर्किंग लंच’ किया था। उन्होंने कहा कि यह बातचीत दो राष्ट्राध्यक्षों के बीच नहीं, बल्कि दो मित्रों के बीच हुई थी। पियानो के बारे में पूछे जाने पर पुतिन मुस्कुराते हुए कहते हैं कि वह इसे शायद ही कभी बजाते हैं।
युद्ध और विलासिता का टकराव
यह भव्य झलक ऐसे समय में सामने आई है जब रूस यूक्रेन युद्ध में उलझा हुआ है। पश्चिमी रिपोर्टों के मुताबिक, फरवरी 2022 से अब तक करीब ढाई लाख रूसी सैनिक मारे जा चुके हैं। ऐसे में पुतिन के इस राजसी अपार्टमेंट की झलक ने एक बार फिर उनकी विलासितापूर्ण जीवनशैली और आम नागरिकों के संघर्ष के बीच के विरोधाभास को उजागर कर दिया है।
इससे पहले भी पुतिन के ब्लैक सी कोस्ट पर स्थित महल और सुदूर अल्ताई पहाड़ों में बने गुप्त बंकर जैसे ठिकानों को लेकर अंतरराष्ट्रीय मीडिया में कई बार सवाल उठ चुके हैं।
CHANNEL009 Connects India
