बंगाल के बीरभूम जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। बोलपुर इलाके में रहने वाले 22 साल के युवा क्रिकेटर प्रियजीत घोष की शुक्रवार को अचानक मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, प्रियजीत जिम में वर्कआउट कर रहे थे, तभी उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा। लोग उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रियजीत घोष एक होनहार क्रिकेटर थे। उन्होंने 2018-19 के सीजन में इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाए थे। उस समय वे बंगाल क्रिकेट के उभरते सितारों में गिने जा रहे थे और उनके प्रदर्शन की खूब तारीफ हुई थी। उनकी अचानक मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार, दोस्त और क्रिकेट जगत के लोग स्तब्ध हैं। कई स्थानीय कोच और क्रिकेट से जुड़े लोगों ने प्रियजीत को मेहनती और अनुशासित खिलाड़ी बताया, जो अपने सपनों को लेकर बहुत गंभीर था।
प्रियजीत की मौत ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि युवाओं में हार्ट अटैक जैसी घटनाएं क्यों बढ़ रही हैं। जिम में वर्कआउट करते समय सावधानी बरतना कितना जरूरी है, इस पर भी चर्चा हो रही है।
CHANNEL009 Connects India
