Related Articles
बरेली के फरीदपुर क्षेत्र के भगवानपुर फुलवा गांव में गुरुवार सुबह आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया। सुबह करीब 5 बजे पांचजन्य प्लाई बोर्ड फैक्टरी के गेट पर आयकर विभाग की कई गाड़ियां पहुंचीं और टीम ने अंदर जाकर जांच शुरू कर दी।
कई जगह एक साथ कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की करीब 10 टीमें अलग-अलग स्थानों पर एक साथ सक्रिय हुईं। फैक्टरी मालिक रवि नोमानी के घर और उनकी अन्य औद्योगिक इकाइयों पर भी छापेमारी की गई। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के साथ-साथ उत्तराखंड में भी जुड़े कारोबारी ठिकानों की जांच की जा रही है।
टैक्स चोरी की आशंका में की गई इस कार्रवाई से व्यापार जगत में हलचल मच गई है। सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ के जवान तैनात किए गए हैं। फैक्टरी के अंदर अधिकारी खातों, कंप्यूटर डेटा और जरूरी दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं। बाहर सख्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है और किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं है।
फैक्टरी का कामकाज बंद
सुबह की शिफ्ट में पहुंचे मजदूरों को गेट से ही वापस भेज दिया गया। छापेमारी के कारण पूरे दिन फैक्टरी का काम बंद रहा। हालांकि एक सुरक्षाकर्मी ने बताया कि मजदूरों को रोकने का आदेश उनकी तरफ से नहीं था, बल्कि प्रबंधन ने खुद काम बंद रखा।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। अब सभी की नजर जांच के नतीजों और आयकर विभाग की आगे की कार्रवाई पर है।
CHANNEL009 Connects India
