भारत-पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत से बड़ी खबर सामने आई है। बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने कथित तौर पर पाकिस्तानी सेना के एक वाहन को निशाना बनाया है। इस हमले में 12 सैनिकों के मारे जाने की पुष्टि की जा रही है। बताया गया है कि हमले के लिए IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) का इस्तेमाल किया गया।
तेज़ धमाका, गाड़ी के परखच्चे उड़े
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना शक्तिशाली था कि पाकिस्तानी सेना का वाहन पूरी तरह से नष्ट हो गया। एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें धमाके की तीव्रता और क्षति साफ देखी जा सकती है। वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर मौजूद सभी 12 सैनिकों की मौत हो गई।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक ज़ोरदार विस्फोट और उसके तुरंत बाद मची अफरा-तफरी को देखा जा सकता है। हमले के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया है और तलाशी अभियान जारी है।
लाहौर में भी धमाके, हड़कंप
इसी दिन, लाहौर एयरपोर्ट के आसपास भी कई धमाकों की खबरें आई हैं। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, धमाकों के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और जगह-जगह सायरन की आवाजें सुनाई दी हैं। पाकिस्तानी न्यूज नेटवर्क “जियो न्यूज” ने इन धमाकों की पुष्टि की है।
ऑपरेशन सिंदूर: भारत की जवाबी कार्रवाई
उधर, भारत ने हाल ही में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की थी। भारत का कहना है कि यह कार्रवाई पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में की गई थी। भारत ने स्पष्ट किया है कि इस ऑपरेशन में किसी आम नागरिक या पाकिस्तानी सेना को लक्ष्य नहीं बनाया गया, केवल आतंकवादी ढांचे को ही निशाना बनाया गया।
CHANNEL009 Connects India
