Related Articles
राजस्थान के बीकानेर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शिकायत की जांच करने गई पुलिस टीम में शामिल महिला हवलदार पर पिटबुल कुत्ते से हमला करवा दिया गया। कुत्ते के काटने से महिला पुलिसकर्मी के शरीर पर कई जगह गहरे घाव हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जांच के लिए पहुंची थी पुलिस टीम
जानकारी के अनुसार जेएनवीसी थाने में तैनात महिला हवलदार माली जाखड़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 2 मार्च को वह चेतक-06 में ड्यूटी पर थीं। उपनिरीक्षक शारदा के निर्देश पर पुलिस टीम एक शिकायत की जांच के लिए चाणक्य नगर कॉलोनी के मकान नंबर 4-बी पर पहुंची थी।
गेट खोलकर कुत्ता छोड़ने का आरोप
जब पुलिस टीम ने घर का दरवाजा खटखटाया तो एक लड़की बाहर आई। पुलिस ने उससे मनीषा मोदी को बुलाने के लिए कहा। थोड़ी देर बाद वह लड़की घर के अंदर गई और पिटबुल कुत्ते को लेकर बाहर आई। आरोप है कि लड़की ने घर का गेट खोलकर कुत्ते को बाहर छोड़ दिया और तुरंत गेट बंद कर लिया।
महिला हवलदार पर किया हमला
कुत्ते ने बाहर आते ही महिला हवलदार माली जाखड़ पर हमला कर दिया और उन्हें कई जगह काट लिया। मौके पर मौजूद उपनिरीक्षक शारदा और सिपाही मुकेश ने काफी प्रयास के बाद कुत्ते से महिला हवलदार को छुड़ाया।
आरोपियों पर मामला दर्ज
महिला हवलदार ने आरोप लगाया कि मनीषा मोदी और लड़की ने जानबूझकर पिटबुल को छोड़कर हमला करवाया, जिससे सरकारी काम में बाधा भी आई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
CHANNEL009 Connects India
