Related Articles
बीकानेर। बीजेपी के वरिष्ठ नेता और तीन बार विधायक रहे किशनाराम नाई का सोमवार रात निधन हो गया। वे 94 साल के थे। उनके निधन से राजस्थान की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई है। किशनाराम नाई का अंतिम संस्कार आज दोपहर 2 बजे मोक्षधाम, कालू रोड, श्रीडूंगरगढ़ में होगा। उनके पड़पोते करण आशीष जाड़ीवाल ने यह जानकारी दी। किशनाराम नाई लंबे समय से किडनी और सीने में संक्रमण की बीमारी से जूझ रहे थे। उन्होंने श्रीडूंगरगढ़ में अंतिम सांस ली।
बीजेपी नेताओं ने जताया दुख
किशनाराम नाई के निधन पर केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, पूर्व विधायक बिहारी लाल बिश्नोई और भाजपा नेता अशोक भाटी ने गहरा शोक जताया है।
राजनीतिक सफर
किशनाराम नाई ने 1956 में राजनीति में कदम रखा था। वे तीन बार भाजपा के टिकट पर विधायक बने। इसके अलावा वे श्रीडूंगरगढ़ नगर पालिका के चेयरमैन, बीकानेर देहात और चूरू भाजपा के जिलाध्यक्ष भी रहे।
साल 1990 में किशनाराम नाई ने दिग्गज नेता कुंभाराम आर्य को हराकर सुर्खियां बटोरी थीं। 1993 में जब भैरोंसिंह शेखावत की सरकार पर संकट आया था, तब किशनाराम नाई ने संकट मोचक की भूमिका निभाई थी। इसके बाद से वे पूर्व मुख्यमंत्री स्व. भैरोंसिंह शेखावत के करीबी माने जाने लगे थे।
CHANNEL009 Connects India
