जयपुर-अजमेर हाईवे पर आज सुबह भांकरोटा इलाके में केमिकल से भरे एक टैंकर में अचानक आग लग गई। इससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
कैसे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 4:45 बजे रामचन्द्रपुरा पुलिया के ऊपर हुई। अजमेर से जयपुर की ओर आ रहा टैंकर करीब 30 हजार लीटर मिथाइल केमिकल लेकर जा रहा था। पुलिया पर चढ़ते समय टैंकर के टायर के पास से चिंगारियां निकलीं और निचले हिस्से में आग लग गई। कुछ ही देर में धुआं और लपटें दिखने लगीं।
ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान
आग लगते ही आसपास के वाहन चालकों में दहशत फैल गई। राहगीरों ने ड्राइवर को आग की सूचना दी। हालात समझते ही ड्राइवर ने टैंकर सड़क किनारे खड़ा किया और तुरंत नीचे उतरकर जान बचाई। डर के कारण कई लोग अपने वाहन छोड़कर दूर चले गए। इस दौरान हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही भांकरोटा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। आग तेजी से फैलती देख पुलिसकर्मियों ने खुद अग्निशमन यंत्रों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और फायर ब्रिगेड के आने तक आग को फैलने से रोके रखा।
फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि आग केमिकल टैंक तक नहीं पहुंची, वरना बड़ा विस्फोट हो सकता था।
यातायात हुआ सुचारु
आग बुझने के बाद पुलिस ने हाईवे पर यातायात फिर से शुरू कराया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि समय पर की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
CHANNEL009 Connects India
