शहर में पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज बदल गया है। मंगलवार को सुबह धूप खिली, लेकिन दोपहर बाद अचानक आसमान में बादल छा गए और बारिश शुरू हो गई। इस बारिश से उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार भादो के आखिरी दिनों में अब लगातार हल्की बारिश होती रहेगी। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इस दिन 3.3 मिमी बारिश हुई। अब तक मानसून सीजन में कुल 858.6 मिमी बारिश हो चुकी है।
मौसम वैज्ञानिक विवेक छलोत्रे ने बताया कि प्रदेश के उत्तरी हिस्सों से दो ट्रफ लाइन गुजर रही हैं। इसकी वजह से सोमवार को कई जिलों में तेज बारिश हुई और मंगलवार को भी इसका असर देखा गया। वहीं, बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र और जम्मू-कश्मीर में हो रही लगातार बारिश से नमी बढ़ रही है। इसी कारण प्रदेश में हल्की बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
CHANNEL009 Connects India
