भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। आतंकवाद का चेहरा हाफिज सईद, जिसे पाकिस्तान दिखावे के लिए सज़ा दे चुका है, असल में पूरी सैन्य सुरक्षा में एक सुरक्षित स्थान पर छिपा बैठा है।
लाहौर के नागरिक इलाके में छिपाया गया हाफिज
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, लश्कर-ए-तैयबा का सरगना हाफिज सईद लाहौर के जोहर टाउन में स्थित एक सुरक्षित आवास में रह रहा है। इसे “जेल” बताया जा रहा है, लेकिन असल में यह एक हाई-सिक्योरिटी सेफ हाउस है। इसके आसपास मस्जिदें, मदरसे और आम लोगों के घर मौजूद हैं, ताकि उसकी मौजूदगी पर शक न हो।
चार स्तरों वाली सुरक्षा और कंट्रोल रूम
हाफिज सईद की सुरक्षा में पाकिस्तानी सेना के स्पेशल सर्विस ग्रुप (SSG) के पूर्व कमांडो 24 घंटे तैनात हैं। उसके आवास के चारों ओर चार स्तर की सुरक्षा व्यवस्था की गई है। आसपास के पूरे चार किलोमीटर इलाके में CCTV कैमरे और ड्रोन निगरानी की जा रही है। इतना ही नहीं, पास में ही एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जो हर गतिविधि पर नज़र रखता है।
VVIP जैसी सुरक्षा, बैरिकेड्स और सख्त जांच
सूत्रों के अनुसार, हाफिज सईद का ठिकाना लाहौर के जोहर टाउन में हाउस नंबर 116-E बताया गया है। जो कोई भी उससे मिलने आता है, उसे कई चरणों की चेकिंग से गुजरना होता है। पहले निजी सुरक्षा के बैरिकेड पर रोका जाता है, फिर पाक सेना की यूनिट द्वारा पूछताछ होती है।
उसकी गाड़ियों के साथ हथियारबंद जवानों का काफिला चलता है, जैसा कि किसी उच्च पदस्थ राजनेता या सैन्य अधिकारी का होता है। कहा जा रहा है कि उसकी सुरक्षा में थ्री-स्टार अफसर तक शामिल हैं और वॉकी-टॉकी से लगातार निगरानी हो रही है।
46 साल की सजा, लेकिन जेल की जगह आलीशान ‘सेफ हाउस’
भले ही हाफिज सईद को 7 टेरर फंडिंग केसों में कुल 46 साल की सजा सुनाई गई हो, मगर वह असल जेल में नहीं है। उसे एक विशेष घर में रखा गया है जिसे “टेम्पररी जेल” घोषित किया गया है। इस घर के अंदर ही एक मिनी कंट्रोल रूम मौजूद है, जहां से उसकी गतिविधियां संचालित होती हैं।
भारत विरोधी बयान और सार्वजनिक उपस्थिति
जानकारी के मुताबिक, हाफिज सईद इस साल 4 अप्रैल को आखिरी बार एक इफ्तार पार्टी में दिखाई दिया था, जहां वह लश्कर के अन्य आतंकियों के साथ मौजूद था। रिपोर्ट्स बताती हैं कि वह 28 मई को लाहौर के मीनार-ए-पाकिस्तान में एक बड़ा जलसा करने की तैयारी में है।
PoK और टेरर लॉन्च पैड्स में सक्रियता
हाफिज सईद की गतिविधियां सिर्फ लाहौर तक सीमित नहीं रहीं। वह कई बार PoK के टेरर कैंप्स, बहावलपुर और रावलकोट जैसे इलाकों में सक्रिय रूप से देखा गया है। उसकी भारत विरोधी बयानबाज़ी और जहर उगलना अब भी जारी है, जो स्पष्ट करता है कि पाकिस्तान में उसे न सिर्फ संरक्षण मिल रहा है बल्कि राजनीतिक समर्थन भी।
यह घटनाक्रम पाकिस्तान की दोहरी नीति और आतंक के प्रति उसके रवैये को उजागर करता है। हाफिज सईद जैसे आतंकी को ‘कैदी’ की जगह VVIP ट्रीटमेंट मिलना भारत समेत वैश्विक समुदाय के लिए चिंता का विषय है।
CHANNEL009 Connects India
