Breaking News

मीराबाई चानू की गोल्डन वापसी, कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में रचा इतिहास

भारत की स्टार वेटलिफ्टर और टोक्यो ओलंपिक की सिल्वर मेडलिस्ट मीराबाई चानू ने एक बार फिर देश का नाम रोशन कर दिया है। सोमवार को अहमदाबाद में हुई कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में उन्होंने 48 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया।

चानू ने स्नैच में 84 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 109 किलोग्राम उठाकर कुल 193 किलोग्राम का वजन उठाया। यह प्रदर्शन न केवल उन्हें गोल्ड दिलाने के लिए काफी रहा, बल्कि उन्होंने स्नैच, क्लीन एंड जर्क और कुल वजन – तीनों में नया कॉमनवेल्थ रिकॉर्ड भी बना दिया। इस प्रतियोगिता में मलेशिया की आइरीन हेनरी ने 161 किलोग्राम के साथ सिल्वर और वेल्स की निकोल रॉबर्ट्स ने 150 किलोग्राम के साथ ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।

पेरिस ओलंपिक के बाद मीराबाई पहली बार किसी बड़े टूर्नामेंट में उतरी थीं। चोट और फिटनेस की समस्याओं से जूझने के बाद उनकी यह वापसी वाकई गोल्डन कमबैक रही।

जीत के बाद मीराबाई ने कहा:

“मैं बेहद खुश हूं कि वापसी पर ही गोल्ड मेडल जीत पाई। पेरिस ओलंपिक के बाद घरेलू धरती पर खेलना और भी खास रहा। यह जीत मेरे कठिन परिश्रम, कोचों की मेहनत और देशवासियों के समर्थन का नतीजा है। यह मेडल आने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप से पहले मेरे आत्मविश्वास को और बढ़ाएगा।”

पेरिस ओलंपिक (2024) में मीराबाई 49 किग्रा वर्ग में उतरी थीं। उन्होंने 199 किलोग्राम (88 स्नैच + 111 क्लीन एंड जर्क) का शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन मामूली अंतर से पदक से चूक गई थीं। इसके बाद चोट के कारण वह लंबे समय तक इंटरनेशनल प्लेटफॉर्म से दूर रहीं।

हाल ही में इंटरनेशनल वेटलिफ्टिंग फेडरेशन (IWF) ने 49 किग्रा कैटेगरी को हटाकर खिलाड़ियों को नए वर्गों में जाने का विकल्प दिया। इसी कारण मीराबाई ने दोबारा 48 किलोग्राम वर्ग में वापसी की। इस वर्ग में उन्होंने 2018 में भी खेला था और वह विश्व चैंपियन रह चुकी हैं।

इस स्वर्ण पदक के साथ ही मीराबाई चानू ने ग्लासगो में होने वाले 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए सीधी क्वालिफिकेशन हासिल कर ली है। यानी अब वह बिना किसी और ट्रायल के सीधे इस बड़े टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी।

मीराबाई चानू ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मेहनत, लगन और हिम्मत से कोई भी मुश्किल आसान की जा सकती है। उनके इस गोल्डन प्रदर्शन ने न केवल देशवासियों का सीना गर्व से चौड़ा किया है, बल्कि आने वाले बड़े टूर्नामेंट्स के लिए भी नई उम्मीद जगा दी है।

About Hussain

Check Also

CBSE 12वीं रिजल्ट- सरकारी स्कूलों का दबदबा, प्राइवेट स्कूल पिछड़े:हर कैटेगरी में छात्राओं ने मारी बाजी; भोपाल रीजन देश में 19वें स्थान पर

छात्राओं ने मारी बाजी; भोपाल रीजन देश में 19वें स्थान पर make a news CBSE …

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Channel 009
help Chat?