Related Articles
ग्वालियर में साइबर ठगों ने रिफंड और ऑफर का लालच देकर तीन लोगों के बैंक खातों से कुल 3.65 लाख रुपए निकाल लिए। ठगों ने फोन पर भरोसा दिलाया कि पेमेंट कंफर्म है या पैसा खाते में चला गया है। जब तक पीड़ितों को सच्चाई पता चलती, उनकी जमा पूंजी साफ हो चुकी थी। सभी पीड़ितों ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने ई-जीरो एफआईआर के आधार पर मामले दर्ज किए हैं।
बिग बास्केट के नाम पर ठगी
नदीगेट निवासी अनिल कुमार को 8 फरवरी को सुबह फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को बिग बास्केट का कर्मचारी बताया और ऑर्डर कंफर्म करने के लिए पेमेंट मांगा।
उन्होंने गूगल पे से भुगतान करने की कोशिश की, लेकिन पेमेंट नहीं हुआ। बाद में कॉलर ने क्रेडिट या डेबिट कार्ड से भुगतान करने को कहा, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। उसी शाम उन्होंने जोमेटो पर 399 रुपए का भुगतान किया। कुछ देर बाद उनके एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक खाते से 2.35 लाख रुपए निकल गए।
अनिल कुमार को शक है कि उनका फोन हैक कर मैजिक पिन के जरिए कई बार ट्रांजेक्शन किया गया। इसके बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई।
“गलती से पैसे ट्रांसफर हो गए” कहकर ठगी
सिटी सेंटर निवासी शिखा वाजपेयी के पति को फोन आया। कॉलर ने कहा कि गलती से उनके खाते में 45 हजार रुपए ट्रांसफर हो गए हैं और उन्हें वापस कर दें।
मैसेज चेक करने पर 20-20 हजार रुपए के ट्रांजेक्शन दिखे। ठग ने दूसरा फोन पे नंबर दिया और उस पर क्लिक करते ही उनके केनरा बैंक खाते से 45 हजार रुपए निकल गए।
ऑफर का झांसा देकर 85 हजार उड़ाए
बलवंत नगर निवासी मोनिका शर्मा को फोन कर बताया गया कि उनके नाम कोई खास ऑफर निकला है। उन्होंने तुरंत कॉल काट दिया और एहतियात के तौर पर पेटीएम ऐप को डिलीट कर दोबारा डाउनलोड किया।
इसके बावजूद उनका फोन कुछ समय के लिए हैंग हो गया और स्क्रीन काली हो गई। बाद में ईमेल पर मैसेज आया कि उनके एचडीएफसी बैंक खाते से 85 हजार रुपए निकाल लिए गए हैं।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान नंबर से आए कॉल, रिफंड या ऑफर के झांसे में न आएं। किसी भी लिंक पर क्लिक करने से पहले पूरी जांच करें और बैंक या साइबर हेल्पलाइन से तुरंत संपर्क करें।
CHANNEL009 Connects India
