फुटबॉल के सुपरस्टार लियोनेल मेसी और मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन अर्जेंटीना राष्ट्रीय फुटबॉल टीम इस साल नवंबर में भारत का दौरा करने जा रही है। अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (AFA) ने आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि कर दी है।
यह दौरा 10 से 18 नवंबर 2025 के बीच होगा और इस दौरान अर्जेंटीना की टीम तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड स्टेडियम में एक प्रदर्शनी मैच खेलेगी। इस आयोजन को केरल सरकार और रिपोर्लर ब्रॉडकास्टिंग कंपनी प्राइवेट लिमिटेड मिलकर आयोजित कर रहे हैं।
मई 2025 में कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि फीफा के इंटरनेशनल मैच कैलेंडर की वजह से अर्जेंटीना टीम भारत का दौरा नहीं कर पाएगी। इन खबरों से फैन्स में निराशा फैल गई थी।
लेकिन रिपोर्लर टीवी के एमडी और एडिटर एंटो ऑगस्टाइन ने इन सभी अफवाहों को खारिज कर दिया। उन्होंने साफ कहा कि – “एएफए ने कोई रद्दीकरण नहीं किया है। तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही हैं। लोग अफवाहों पर ध्यान न दें।”
केरल के खेल मंत्री वी. अब्दुरहमान ने फेसबुक पर इस बड़ी खबर की पुष्टि की। उन्होंने लिखा कि –
“केरल के फुटबॉल प्रेमियों का अर्जेंटीना के प्रति प्यार और समर्थन अद्भुत है। अर्जेंटीना की टीम भी अपने फैन्स से मिलने के लिए उत्साहित है।”
शुरुआत में खर्च को लेकर चिंताएं थीं, लेकिन आखिरकार केरल सरकार ने आधिकारिक न्योता भेजा। इसके बाद AFA ने दौरे के साथ-साथ फुटबॉल डेवलपमेंट प्रोग्राम्स में भी साझेदारी की इच्छा जताई। इसमें ट्रेनिंग कैंप, ग्रासरूट प्रोग्राम और टैलेंट हंट जैसी पहलें शामिल हो सकती हैं।
अर्जेंटीना टीम और मेसी ने इससे पहले 2011 में कोलकाता में एक फ्रेंडली मैच खेला था। उसके बाद से वे भारत नहीं आए। अब 2025 का दौरा 14 साल बाद उनका भारत लौटना होगा, जिसे लेकर फैन्स में जबरदस्त उत्साह है।
अर्जेंटीना टीम 5 सितंबर को वेनेजुएला और 10 सितंबर को इक्वाडोर के खिलाफ इंटरनेशनल मैच खेलने के बाद सीधे भारत आएगी। ग्रीनफील्ड स्टेडियम का प्रदर्शनी मैच अर्जेंटीना की 2026 वर्ल्ड कप की तैयारियों का भी अहम हिस्सा होगा।
इस दौरे से न सिर्फ फैन्स को मेसी और अर्जेंटीना को करीब से देखने का मौका मिलेगा, बल्कि केरल और पूरे भारत में फुटबॉल को नई ऊर्जा मिलेगी।
एएफए और केरल सरकार के सहयोग से फुटबॉल डेवलपमेंट प्रोग्राम्स शुरू होने की संभावना है, जो आने वाले समय में भारतीय फुटबॉल के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं।
CHANNEL009 Connects India
