लंदन: इंग्लैंड के लिवरपूल शहर में फुटबॉल प्रेमियों के जश्न का माहौल उस समय अफरा-तफरी में बदल गया, जब एक अनियंत्रित कार भीड़ में घुस गई। प्रीमियर लीग चैंपियनशिप जीतने के बाद सड़कों पर जमा हजारों फैंस उस समय खुशी से झूम रहे थे, जब एक व्यक्ति ने अचानक कार भीड़ पर चढ़ा दी। इस दर्दनाक घटना में कई लोगों के घायल होने की खबर है।
जश्न की भीड़ में घुसी कार, मचा हड़कंप
स्थानीय पुलिस के मुताबिक, जैसे ही लिवरपूल की फुटबॉल टीम ने जीत दर्ज की, हजारों समर्थक बारिश की परवाह किए बिना सड़कों पर उतर आए। इसी दौरान एक ग्रे रंग की मिनीवैन तेजी से भीड़ में घुस गई और लोगों को टक्कर मारने लगी। वायरल वीडियो में वाहन को एक पैदल व्यक्ति को टक्कर मारते और फिर भीड़ में घुसते हुए देखा जा सकता है।
मर्सीसाइड पुलिस ने आरोपी को दबोचा
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध चालक को हिरासत में ले लिया है। मर्सीसाइड पुलिस ने पुष्टि की है कि वे कई लोगों को लगी चोटों और घटनास्थल से मिले वीडियो की जांच कर रही है। घायल व्यक्तियों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। फिलहाल घटना की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
ब्रिटिश प्रधानमंत्री की प्रतिक्रिया
घटना की गंभीरता को देखते हुए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीयर स्टॉर्मर ने भी इस पर बयान जारी किया। उन्होंने कहा, “लिवरपूल की तस्वीरें भयावह हैं। मैं स्थिति की निगरानी कर रहा हूं और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए उनका धन्यवाद करता हूं। जो भी इस घटना से प्रभावित हुए हैं, उनके साथ मेरी पूरी संवेदना है।”
लिवरपूल में यह हादसा उस समय हुआ जब खिलाड़ियों की जीत का जश्न मनाते हुए दो खुली बसों में ट्रॉफी की झलक प्रशंसकों को दिखाई जा रही थी।
CHANNEL009 Connects India
