Breaking News

विकेट के बाद इशारा करना पड़ा भारी, कॉर्बिन बॉश पर ICC की सख्ती

ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही टी20 सीरीज के दूसरे मैच में एक घटना सुर्खियों में रही। साउथ अफ्रीकी ऑलराउंडर कॉर्बिन बॉश को ICC ने आचार संहिता का उल्लंघन करने का दोषी पाया है। इसके चलते उन्हें एक डिमेरिट प्वाइंट और जुर्माना झेलना पड़ा।

मंगलवार को डार्विन में खेले गए इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई पारी के 17वें ओवर में बॉश ने ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज बेन ड्वारशुइस को आउट किया। विकेट लेने के बाद उन्होंने बल्लेबाज की ओर देखते हुए डगआउट की तरफ लौटने का इशारा किया। यह इशारा ICC के मुताबिक खिलाड़ियों के प्रति अनादर या उकसाने वाला व्यवहार माना गया।

ICC ने इसे खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए बनाए गए आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 के तहत अपराध माना। यह नियम ऐसे मामलों को कवर करता है, जब कोई खिलाड़ी आउट होने के बाद विपक्षी खिलाड़ी को शब्दों, हावभाव या इशारों से अपमानित करता है या भड़काता है। बॉश का यह इंटरनेशनल स्तर पर सिर्फ 11वां मैच था और उनका पहला ऐसा अपराध था। उन्होंने तुरंत अपनी गलती मानते हुए सजा को स्वीकार कर लिया। बॉश इस साल IPL 2025 में मुंबई इंडियंस की ओर से भी खेले थे और वहीं से उन्होंने IPL में डेब्यू किया था।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और टीम ने 57 रन तक अपने तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस और ट्रिस्टन स्टब्स ने चौथे विकेट के लिए शानदार 126 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला।

ब्रेविस ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 56 गेंदों में नाबाद 125 रन बनाए। उनकी पारी में 12 चौके और 8 छक्के शामिल थे। स्टब्स ने भी 22 गेंदों में 31 रन जोड़े। साउथ अफ्रीका ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 218 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से बेन ड्वारशुइस और ग्लेन मैक्सवेल को 2-2 विकेट मिले।

लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया 17.4 ओवर में 165 रन पर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से सबसे ज्यादा रन टिम डेविड ने बनाए, जिन्होंने 24 गेंदों में ताबड़तोड़ 50 रन ठोके। एलेक्स कैरी ने 26 रन जोड़े। गेंदबाजी में कॉर्बिन बॉश ने 3 ओवर में 20 रन देकर 3 विकेट झटके। उनके अलावा क्वेना मफाका ने भी 3 विकेट लिए। पहला मैच ऑस्ट्रेलिया ने 17 रन से जीता था। दूसरे मैच में साउथ अफ्रीका ने शानदार वापसी करते हुए 53 रन से जीत हासिल की। अब सीरीज 1-1 से बराबर हो चुकी है और 16 अगस्त को होने वाला तीसरा टी20 मुकाबला निर्णायक होगा।

About Hussain

Check Also

निशांत कुमार के काफिले में दिखीं 13 गाड़ियां, बिहार के स्वास्थ्य मंत्री ने वाहन कम करने से किया इनकार!

बिहार में मंत्री के काफिले पर सियासत तेज, निशांत कुमार के काफिले में दिखीं 13 …

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Channel 009
help Chat?