प्योंगयांग: उत्तर कोरिया के लिए एक प्रतिष्ठित सैन्य परियोजना तब शर्मिंदगी में बदल गई जब उसका नया, अत्याधुनिक विध्वंसक पोत जलावतरण के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया। इस असफलता ने देश के तानाशाह किम जोंग उन को क्रोधित कर दिया है, जिसके बाद नौसेना से जुड़े तीन वरिष्ठ अधिकारियों को हिरासत में ले लिया गया है।
समारोह में ही डूबने लगा ‘गौरव’ का जहाज
उत्तर कोरिया की सरकारी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना उस वक्त हुई जब देश का 5,000 टन वजनी, आधुनिक हथियारों से लैस विध्वंसक पोत, एक भव्य समारोह में जल में उतारा जा रहा था। समारोह में किम जोंग उन स्वयं मौजूद थे। तभी पोत एक ओर झुक गया और उसके कुछ हिस्से पानी में डूबते देखे गए।
उपग्रह चित्रों में पोत पर नीले रंग की चादर ढकी देखी गई और उसका कुछ भाग स्पष्ट रूप से डैमेज नजर आया। यह पोत उत्तर कोरिया की नौसैनिक ताकत का सबसे बड़ा और उन्नत उदाहरण बताया जा रहा था, जिसे परमाणु हथियारों से लैस करने की योजना थी।
‘अक्षम्य लापरवाही’ करार, कड़ी कार्रवाई शुरू
किम जोंग उन ने इस हादसे को “गंभीर आपराधिक लापरवाही” बताया है और शिपयार्ड प्रबंधन पर जमकर गुस्सा निकाला है। उनकी सख्त नाराजगी के बाद, चोंगजिन शिपयार्ड के मुख्य अभियंता, निर्माण कार्यशाला प्रमुख, और प्रशासनिक उप-प्रबंधक को तुरंत हिरासत में ले लिया गया। शिपयार्ड के प्रमुख हांग किल हो से भी पूछताछ की जा रही है।
उत्तर कोरिया की केंद्रीय सैन्य समिति ने इस चूक को “अक्षम्य अपराध” करार देते हुए स्पष्ट कर दिया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
‘सिर्फ मामूली खरोंचें’ का दावा
हालांकि आधिकारिक रूप से बताया जा रहा है कि पोत को गंभीर क्षति नहीं पहुंची है। अधिकारियों का कहना है कि पोत के निचले हिस्से में कुछ मामूली खरोंचें आई थीं और थोड़ी मात्रा में समुद्री पानी भर गया था, जिसे 10 दिन में निकाल कर मरम्मत की जाएगी।
लेकिन जानकारों का मानना है कि यह विफलता, उत्तर कोरिया के लिए एक राजनयिक और सैन्य झटका है — खासकर तब, जब किम जोंग उन अपनी नौसेना को अमेरिका और उसके सहयोगियों के खिलाफ मजबूती से खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं।
छवि को लेकर बेहद संवेदनशील है उत्तर कोरिया
इस घटनाक्रम से एक बार फिर साबित होता है कि उत्तर कोरिया अपनी सैन्य छवि को लेकर बेहद सतर्क और संवेदनशील है। छोटी-सी चूक भी वहां शीर्ष स्तर पर सख्त कार्रवाई का कारण बन सकती है। अब देखना यह होगा कि क्या यह असफलता किम शासन की सैन्य योजनाओं को प्रभावित करेगी, या फिर इस घटना को जल्द दफना दिया जाएगा।
CHANNEL009 Connects India
